कोविड-19 : बलूचिस्तान-ईरान सीमावर्ती क्षेत्रों में आपातकाल

- कोविड-19 : बलूचिस्तान-ईरान सीमावर्ती क्षेत्रों में आपातकाल
क्वेटा, 23 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की सरकार ने ईरान की सीमा से सटे सभी जिलों में तत्काल प्रभाव से आपातकाल लागू कर दिया है। प्रांतीय सरकार ने यह फैसला ईरान में कोरोनावायरस से चार लोगों की मौत की खबर आने के बाद लिया है।
डॉन न्यूज के अनुसार, प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार को बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जम कमाल अलयानी से संपर्क कर कोरोनावायरस को देश में आने से रोकने के उपायों पर चर्चा की थी।
उन्होंने अलयानी को प्रांत के उन क्षेत्रों में सुरक्षात्मक उपाय अपनाने के लिए कहा है जिनकी सीमा ईरान से मिलती है।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि प्रांतीय स्वास्थ्य विभाग ने सीमावर्ती नगर तफतान में एक आपातकालीन केंद्र और नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा, तफतान में स्थापित नियंत्रण कक्ष में दो डॉक्टर पहले से ही तैनात हैं।
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों तथा ईरान से पाकिस्तान आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए सात डॉक्टरों की एक टीम को नगर में तैनात कर दिया गया है। यह टीम थर्मल गन्स से लैस है।
सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (एनआईएच) की विशेष टीमें भी बलूचिस्तान पहुंचने वाली हैं जो स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों को सुरक्षा एव बचाव संबंधी प्रशिक्षण देंगी।
ईरान में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या शनिवार को चार हो गई और 18 कनफर्म मामले पाए गए।
पाकिस्तान में कोरोनावायरस का अबतक एक भी मामला नहीं पाया गया है।
Created On :   23 Feb 2020 6:01 PM IST