निकी हेली ने UN में अमेरिकी एंबेसडर का पद छोड़ा, ट्रंप के खिलाफ चुनाव लड़ने के कयासों को नकारा

निकी हेली ने UN में अमेरिकी एंबेसडर का पद छोड़ा, ट्रंप के खिलाफ चुनाव लड़ने के कयासों को नकारा
हाईलाइट
  • ट्रंप ने कहा कि हेली ने काफी सराहनीय काम किया है।
  • डोनाल्ड ट्रम्प ने संयुक्त राष्ट्र के राजदूत निकी हैली के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।
  • हेली इस वर्ष के अंत में अपना पद छोड़ देंगी।

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। UN में अमेरिकी राजदूत निकी हेली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उनके इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया है। ट्रंप ने ओवल ऑफिस (राष्ट्रपति ऑफिस) में संवाददाताओं से कहा कि हेली ने काफी सराहनीय काम किया है। ट्रंप ने इस दौरान हेली को मंत्रालय में एक अलग पद देने का ऑफर भी दिया, लेकिन हेली ने इसके लिए मना कर दिया। हेली इस वर्ष के अंत में अपना पद छोड़ देंगी। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि हेली 2020 में ट्रंप के खिलाफ राष्ट्रपति की उम्मीदवार हो सकती हैं। हालांकि हेली ने इससे साफ इनकार कर दिया। हेली को जनवरी, 2017 में ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के चार दिन बाद संयुक्त राष्ट्र (UN) में अमेरिकी राजदूत नियुक्त किया गया था। ट्रंप ने कहा कि हेली ने उन्हें छह महीने पहले ही इस बारे में बता दिया था। ट्रंप ने कहा कि हेली कुछ समय के लिए आराम लेना चाहती थीं।

बता दें कि हेली राष्ट्रपति ट्रंप की बड़ी आलोचक रही हैं। हेली ने अमेरिका में चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप की काफी आलोचना की थी। उस वक्त हेली रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से साउथ कैरोलिना की गवर्नर पद पर काबिज थीं। अब 2020 में  उनके ट्रंप के खिलाफ चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। इन कयासों पर हेली ने मीडिया से कहा कि वह 2020 में राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं बना रही हैं। हेली ने कहा कि 2020 में भी वह ट्रंप के लिए ही प्रचार करेंगी। ट्रंप पहले ही 2020 में फिर से राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं।

हेली का यह इस्तीफा यूनाइटेड नेशन सिक्योरिटी काउंसिल में अस्थायी अध्यक्ष के रूप में कार्य करने के एक महीने बाद आया है। इसके साथ ही उन्होंने ट्वीटर से अपने बायो में संयुक्त राष्ट्र के राजदूत के रूप में अपनी भूमिका के सभी जानकारियों को पहले ही हटा दिया है। इस साल अप्रैल में उन्होंने व्हाइट हाउस और सरकार की काफी आलोचना की थी। उस वक्त राष्ट्रपति ट्रंप के एक सहयोगी ने कहा था कि हेली ने ही रूस के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की थी।

ट्रंप प्रशासन में इस्तीफे का दौर
इस साल ट्रंप प्रशासन में कई बड़े दिग्गजों ने इस्तीफा दिया है। सितंबर में पूर्व एडमिरल (सेवानिवृत्त) विलियम मैकरावेन ने रक्षा मंत्रालय सलाहकार निकाय से इस्तीफा दे दिया था। अगस्त में मैकरावेन ने डिफेंस इनोवेशन बोर्ड से इस्तीफा दे दिया था। वहीं जून में एस्टोनिया में अमेरिकी राजदूत जेम्स डी. मेलविले जूनियर ने भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों से निराश होकर इस्तीफा दे दिया था।

Created On :   9 Oct 2018 3:54 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story