भारत हमारी आर्थिक नीतियों की नकल कर आगे बढ़ गया और हम पीछे रह गए : पाक मंत्री 

Pakistan home minister Ahsan Iqbal statement on financial condition
भारत हमारी आर्थिक नीतियों की नकल कर आगे बढ़ गया और हम पीछे रह गए : पाक मंत्री 
भारत हमारी आर्थिक नीतियों की नकल कर आगे बढ़ गया और हम पीछे रह गए : पाक मंत्री 

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के गृह मंत्री एहसान इकबाल ने अपने देश की कमजोर आर्थिक स्थिति और राजनीतिक अस्थिरता को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान आज अगर आर्थिक रूप से कमजोर है तो उसका बड़ा कारण राजनीतिक अस्थिरता है। उन्होंने कहा, "राजनीतिक अस्थिरता के चलते पाकिस्तान ने आर्थिक तरक्की के कई मौके गंवा दिए। पाकिस्तान के पास आर्थिक तरक्की का पहला मौका 60 के दशक में और दूसरा मौका 90 के दशक में था लेकिन देश में अस्थिरता के चलते हम इन अवसरों का फायदा नहीं उठा पाए।"

एहसान इकबाल ने कहा कि पाकिस्तान की आर्थिक नीतियों को भारत ने अपनाया और आगे बढ़ गया, जबकि पाकिस्तान अपनी ही नीतियों को देश में ठीक से लागू नहीं कर पाया और इस रेस में पिछड़ता गया। उन्होंने कहा, "भारत के तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष सरताज अजीज की आर्थिक नीतियों की नकल की और भारत में उसे सफलतापूर्वक लागू किया। पाकिस्तान की आर्थिक नीतियों को बांग्लादेश ने भी अपनाया लेकिन हम राजनीतिक अस्थिरता के कारण अपने देश में अपनी ही नीतियों सही से लागू नहीं कर पाए। आज भारत और बांग्लादेश की आर्थिक स्थित मजबूत है और हमारी कमजोर।"

बता दें कि एहसान इकबाल गृह मंत्रालय के साथ-साथ योजना और विकास मंत्रालय का भी जिम्मा संभाल रहे हैं। सोमवार को वे साइबर सुरक्षा के लिए बनाए गए पाकिस्तान नेशनल सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी मौके पर उन्होंने यह बातें कही। उन्होंने यह भी कहा कि देश की रक्षा महज टैंक और मिसाइलों से नहीं होती। इसके लिए देश को आर्थिक रूप से भी मजबूत करने की आवश्यकता होती है। एहसान इकबाल ने कहा, "अतीत में हमने आर्थिक तरक्की के मौके गंवाए लेकिन अब हमें ऐसे मौकों को बर्बाद नहीं करना चाहिए। हमें आर्थिक प्रगति के लिए देश में शांति, स्थिरता और निरंतरता लानी होगी।"

Created On :   22 May 2018 7:18 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story