UN में फिर पकड़ाया पाक का झूठ, गाजा की फोटो को कश्मीर का बताया

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। यूनाइटेड नेशंस (UN) में आतंकवाद के मुद्दे पर बुरी तरह घिरे पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी नाक कटवा ली है। भारत को बदनाम करने के लिए पाक की यूएन में स्थाई प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने एक युवती की फर्जी तस्वीर दिखाई, लेकिन इसी तस्वीर ने उनकी पोल खोल दी। लोधी का कहना था कि यह तस्वीर भारत में हो रही ज्यादती को दर्शाती है, जबकि वह तस्वीर असल में गाजा शहर की है। यह तस्वीर 22 जुलाई 2014 की है, जब इजराइल ने गाजा पर हवाई हमले किए थे।
यूनाइटेड नेशंस में आतंकवाद के मुद्दे पर भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की स्पीच के बाद राइट टु रिप्लाई के तहत पाक की राजदूत मलीहा लोधी ने भारत पर हमला बोला था। यह फर्जी तस्वीर दिखाते हुए लोधी ने कहा कि यह भारत के लोकतंत्र की असली तस्वीर है। इस तस्वीर में एक लड़की का चेहरा बुरी तरह बिगड़ा हुआ नजर आता है। उन्होंने कश्मीर में कथित ज्यादतियों का दावा करते हुए एक तस्वीर दिखाई, जिसका भारत से दूर-दूर तक कोई लेनादेना नहीं है। लोधी ने आरोप लगाया कि भारतीय सुरक्षाबलों की ज्यादती की वजह से लड़की की यह हालत हुई।
अब हम आपको इस तस्वीर की सच्चाई बताते हैं। यह तस्वीर भारत की नहीं बल्कि गाजा शहर की है। यह फोटो गाजा शहर के शिफा अस्पताल में 22 जुलाई 2014 को ली गई थी। इजरायल की ओर से दो हवाई हमले करने के बाद एक परिवार के कई लोग मारे गए। पीड़ित लड़की इस हमले में बच गई थी। बम के अंदर धारदार चीजों से उसके चेहरे की यह हालत हो गई थी। यह फोटो उसी दौरान एक स्थानीय पत्रकार हीदी लिवाइन द्वारा ली गई थी।
Created On :   24 Sept 2017 5:16 PM IST