One Big Beautiful Bill: ट्रंप को मिली बड़ी सफलता, सीनेट में पास हुआ 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल', क्या अब नई पार्टी बनाएंगे मस्क?

- अमेरिकी सीनेट में पास हुआ One Big Beautiful Bill
- अब हाउस ऑफ रिप्रेंजेंटेटिव में भेजा जाएगा बिल
- उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने डाला निर्णायक वोट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' सीनेट में पास हो गया है। अब इस बिल को हाउस ऑफ रिप्रेंजेंटेटिव में भेजा जाएगा। यही वही बिल है जिसकी वजह से ट्रंप और एक समय उनके करीबी रहे उद्योगपति एलन मस्क के बीच विवाद हुआ था। हालांकि उन्होंने बाद में इस पर माफी भी मांग ली थी। लेकिन इसके बाद उन्होंने ट्रंप के खिलाफ एक बार फिर मोर्चा खोला। मस्क ने कहा कि ट्रम्प का यह बिल अमेरिका में लाखों नौकरियां खत्म कर देगा और हमारे देश को बहुत बड़ा रणनीतिक नुकसान पहुंचाएगा।
जेडी वेंस का वोट रहा निर्णायक
सीनेट में बिल पर करीब 18 घंटे से ज्यादा वोटिंग चली, जिसे "वोट-ए-रामा" कहा गया। इस दौरान करीब 1 हजार से पेज वाले इस बिल पर सीनेटरों ने कई संशोधन पेश किए और उन पर बहस की। वोटों के बराबर रहने पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने निर्णायक वोट डालकर बिल को पास कराया।
क्या नई पार्टी बनाएंगे मस्क?
बिल के सीनेट से पास हो जाने पर कई सवाल उठ रहे हैं। क्या मस्क अब अलग राजनीतिक पार्टी बनाएंगे? और क्या ट्रंप ने मस्क को अमेरिका से वापस साउथ अफ्रीका भेजने की ठान ली है? दरअसल, मंगलवार को ट्रंप ने मस्क के वन बिग ब्यूटीफुल बिल पर निशाना साधने के बाद में कहा था कि 'एलन को शायद इतिहास में किसी भी इंसान से ज्यादा सब्सिडी मिलती है। बिना सब्सिडी के उनको अपनी दुकान बंद करके दक्षिण अफ्रीका जाना होगा। सब्सिडी रूकी तो फिर रॉकेट लॉन्च, सैटेलाइट या इलेक्ट्रिक कार उत्पादन नहीं हो सकेगा।'
जब उनसे मीडिया ने मस्क को अमेरिका से निकालने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता, हमें इस पर विचार करना होगा।"
ट्रंप का यह बयान मस्क के उस ट्वीट के बाद आया जिसमें उन्होंने सरकार के बिग ब्यूटीफुल बिल की आलोचना की थी। मस्क ने एक्स पर की गई अपनी पोस्ट में कहा था, 'ट्रम्प का यह बिल अमेरिका में लाखों नौकरियां खत्म कर देगा और हमारे देश को बहुत बड़ा रणनीतिक नुकसान पहुंचाएगा।' उन्होंने आगे कहा, 'यह पूरी तरह पागलपन से भरा और विनाशकारी है। यह कानून पुराने उद्योगों को रियायत देता है, लेकिन भविष्य के उद्योगों को तबाह कर देगा।'
मस्क ने ट्रंप को धमकी देते हुए कहा था कि यदि 'बिग ब्यूटीफुल बिल' पास हुआ तो वह नई पार्टी बनाएंगे। उन्होंने कहा, अगर ट्रंप का खर्च विधेयक पारित हो जाता है तो 'अमेरिका पार्टी' तुरंत लॉन्च की जाएगी। टेस्ला के मालिक ने कहा था कि हमारे देश को डेमोक्रेट-रिपब्लिकन यूनिपार्टी के विकल्प की जरूरत है। ये दोनों ही दल पूरी तरह से फेल हो चुके हैं। उनके इस बयान के बाद कयासों का बाजार गर्म हो गया। अब देखना होगा कि इस मामले में ट्रंप और मस्क का अगला कदम क्या होता है।
Created On :   2 July 2025 12:33 AM IST