फिलीपींस: पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते को गिरफ्तार करने वाले राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख निकोलस टोरे को राष्ट्रपति फर्दिनांद मार्कोस जूनियर ने पद से हटाया

- टोरे की कई सरकारी अधिकारियों से था मतभेद
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्दिनांद मार्कोस जूनियर ने पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते को गिरफ्तार कर सुर्खियां बटोरने वाले राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख को बर्खास्त कर दिया है। आपको बता दें पुलिस चीफ ने अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय के आदेश पर फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते और कथित चाइल्ड सेक्स तस्करी के लिए एफबीआई की वान्टेड लिस्ट में शामिल प्रचारक अपोलो कैरियन क्विबोलोय को गिरफ्तार करके सुर्खियां बटोरीं थी। टोरे की कई सरकारी अधिकारियों से मतभेद भी था। टोरे के निष्कासन के पीछे की ये भी एक मुख्य वजह मानी जा रही है।
सरकार के आंतरिक सचिव जोनविक रेमुल्ला ने टोरे को हटाने के पीछे की वजह पूछने पर उन्होंने कोई जानकारी साझा नहीं की, उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि निकोलस टोरे ने किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया है, उन पर कोई आपराधिक या प्रशासनिक आरोप भी नहीं लगाया गया है, यह केवल राष्ट्रीय पुलिस के लिए एक नई दिशा तय करने का राष्ट्रपति का फैसला है। रेमुल्ला ने आगे कहा कि हम कानूनों का देश हैं, लोगों का नहीं, और संस्थाएं उन्हें चलाने वाले लोगों से बड़ी होनी चाहिए।
फिलीपींस सरकार ने टोरे की जगह सीनियर पुलिस जनरल जोस मेलेंसियो नार्टेज जूनियर को अगला पुलिस प्रमुख नियुक्त किया है। नार्टेज जूनियर ने आज मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। वहीं पद से अचानक हटाए जाने के बाद निकोलस टोरे की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
टोरे ने अपने निष्कासन से पहले,कथित तौर पर राष्ट्रीय पुलिस के एक दर्जन से अधिक शीर्ष पुलिस अधिकारियों को पद से हटा दिया था, इनमें मौजूदा पुलिस प्रमुख नार्टेज भी शामिल थे। राष्ट्रीय पुलिस आयोग ने हटाए गए पुलिस अधिकारियों को उनके पदों पर बहाल कर दिया था। लेकिन आयोग के आदेश के बाद भी ऐसा नहीं हो सका। जिससे कई बड़े अधिकारी नाराज चल रहे थे।
हालांकि आपको बता दें फिलीपींस के कार्यकारी सचिव लुकास बर्सामिन ने 2,32,000 सदस्यों वाले राष्ट्रीय पुलिस बल के प्रमुख पद से जनरल निकोलस टोरे को बर्खास्त करने का कोई कारण नहीं बताया। जबकि टोरे को मई में ही पद पर नियुक्त किया था और उनका कार्यकाल साल 2027 तक था।
आपको बता दें टोरे ने इस साल के मार्च महीने में पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी आईसीसी द्वारा दुतेर्ते के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के चलते हुई। 2022 में अपना 6 साल का राष्ट्रपति कार्यकाल पूरा करने वाले दुतेर्ते पर कई तरह के आरोप लगे थे।
Created On :   26 Aug 2025 4:43 PM IST