Sheikh Hasina News: इस साल बांग्लादेश वापस जाएंगी भारत में रह रही पूर्व पीएम शेख हसीना? जानें क्या बताया समय

इस साल बांग्लादेश वापस जाएंगी भारत में रह रही पूर्व पीएम शेख हसीना? जानें क्या बताया समय
शेख हसीना काफी समय से भारत में हैं, उनकी पार्टी राजनीतिक वापसी किसी सरकार की कृपा पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा है कि सरकार पार्टी कार्यालय बंद कर सकती है लेकिन राजनीतिक एक्टिविटीज को नहीं रोक सकती।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का कहना है कि वह इस साल अपने देश लौट सकती हैं। उन्होंने कहा है कि उनकी वापसी किसी निजी इच्छा के लिए नहीं है, बल्कि देश में लोकतंत्र, कानून का राज और लोगों के अधिकार को फिर से मजबूत करने के लिए होगी। निर्वासन के समय उन्होंने अपने एक इंटरव्यू अपने ऊपर चल रहे मालमों, आवामी लीग पर लगे हुए प्रतिबंध और मौजूदा राजनीतिक हालात पर खुलकर चर्चा की है।

मौत की सजा से नहीं घबराती- शेख हसीना

शेख हसीना ने कहा कि उनके खिलाफ लिया गया फैसला राजनीति से प्रेरित है। उनका आरोप है कि न्याय व्यवस्था का इस्तेमाल उन्हें और उनकी पार्टी को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें मौत का कोई डर नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि 1975 में उन्होंने अपने परिवार के कई सदस्यों को खोया था और बाद में उन पर जानलेवा हमला भी हुआ, लेकिन हर मुश्किल का सामना करते हुए वह जनता के साथ खड़ी रहीं।

अवामी लीग को खत्म नहीं किया जा सकता

हसीना का कहना है कि अवामी लीग कई दशकों से लोगों के बीच मजबूत पकड़ रखने वाली पार्टी है। पहले भी पार्टी पर कई बार दबाव बनाया गया, लेकिन हर बार वह और मजबूत होकर सामने आई है और अब किसी प्रतिबंध से पार्टी को लोगों के दिलों से नहीं हटाया जा सकता है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरिम सरकार और उसके बाद बनी सरकार के दौरान लोकतंत्र कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है, कट्टरपंथ बढ़ा है और उनकी पार्टी के नेताओं व समर्थकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर जताई चिंता

शेख हसीना ने दावा किया कि 5 अगस्त के बाद हिंदू, बौद्ध, ईसाई और दूसरे अल्पसंख्यक समुदायों के लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर हमलों का भी आरोप लगाया और कहा कि सभी नागरिकों को बराबर का अधिकार मिलना चाहिए। हसीना ने कहा कि वह फिलहाल भारत में रह रही हैं, लेकिन उनका मन हमेशा बांग्लादेश के लोगों के साथ रहता है। वह देश के हालात पर लगातार नजर रख रही हैं और लोकतंत्र की बहाली के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करती रहेंगी।

Created On :   28 Jun 2026 6:24 PM IST

Tags

Next Story