Israel-US-Iran War: ऐसे हमले अस्वीकार्य हैं और इन्हें..., खाड़ी देशों में ईरान के हमलों को भारत ने बताया चिंताजनक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इजराइल-अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध जारी है। इस युद्ध से मिडिल ईस्ट में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। इस दौरान अब ईरान ने खाड़ी देशों पर भी अपने हमले तेज कर दिए हैं। इस बीच भारत ने ईरान के खाड़ी देशों में ऊर्जा ठिकानों पर हुए हमलों की निंदा की है।
यह भी पढ़े -बैकफुट पर आया अमेरिका! ईरान पर तेल से बैन हटाने के लिए राजी हो सकते हैं ट्रंप, विदेश मंत्री स्कॉट बेसेंट ने दी जानकारी
खाड़ी देशों में ईरान के हमले की भारत ने की निंदा
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'भारत ने पहले भी इस क्षेत्र में ऊर्जा ठिकानों समेत नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने से बचने की अपील की थी। इस क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हाल ही में हुए हमले अत्यंत चिंताजनक हैं और ये पूरी दुनिया के लिए पहले से ही अनिश्चित ऊर्जा परिदृश्य को और अधिक अस्थिर कर रहे हैं। ऐसे हमले अस्वीकार्य हैं और इन्हें बंद किया जाना चाहिए।'
ईरान ने कुवैत की दो तेल रिफाइनरी पर किया हमला
ईरान ने गुरुवार (19 मार्च) को कुवैत की दो तेल रिफाइनरी मीना अब्दुल्ला और मिना अल-अहमदी को निशाना बनाया था। कुवैत की अल-अहमदी रिफाइनरी पर हमले के बाद कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (KPC) ने बयान जारी किया था। जिसमें बताया गया था कि मिना अल-अहमदी रिफाइनरी की एक ऑपरेशनल यूनिट पर ड्रोन से हमला हुआ, जिससे वहां आग लग गई। कुवैत न्यूज एजेंसी (KUNA) के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। कंपनी ने कहा कि आग को तुरंत और सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया गया। यह रिफाइनरी कुवैत सिटी से करीब 50 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित है और देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण तेल रिफाइनरी में से एक है जहां कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा प्रोसेस किया जाता है।
Created On :   19 March 2026 9:42 PM IST













