भूकंप: फिलीपींस की धरती कांपी, दक्षिणी हिस्से सुल्तान कुदारत प्रांत में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर भूंकप की तीव्रता 7.0 बताई गई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से सुल्तान कुदारत प्रांत में गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूंकप की तीव्रता 7.0 बताई जा रही है। भूकंप की जानकारी फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वॉलकैनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी ने दी है। भूकंप के भीषण झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर खुले में निकल आए।
संस्थान ने कहा कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10.13 बजे आया। यह 722 किलोमीटर की गहराई पर था और तटीय शहर पालेमबांग से लगभग 133 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। आईएएनएस न्यूज एजेंसी ने सिन्हुआ समाचार एजेंसी के हवाले से ये लिखा है।
एजेंसी के मुताबिक देश के दूसरे सबसे बड़े द्वीप मिंडानाओ के आस-पास के प्रांतों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, दावो ऑक्सिडेंटल, दावो ओरिएंटल, सारंगनी, दावो डे ओरो, दावो डेल नॉर्टे और कोटाबाटो में भी झटके महसूस किए गए। संस्थान ने कहा कि टेक्टोनिक भूकंप के कारण झटके तो आएंगे, लेकिन इससे नुकसान नहीं होगा। इसने कहा कि भूकंप के कारण सुनामी नहीं आएगी। फिलीपींस प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" पर स्थित है। यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं।
Created On :   11 July 2024 11:27 AM IST












