Russia-Ukraine War: ड्रोन अटैक के बाद तुर्किए में यूक्रेन और रूस ने की शांति वार्ता, जानें किस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच बनी बात

- रूस और यूक्रेन में जारी है युद्ध
- यूक्रेन ने रूस पर किया सबसे बड़ा ड्रोन अटैक
- तुर्किए में रूस-यूक्रेन ने की शांति वार्ता
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच बीते तीन सालों से जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच सोमवार को तुर्किए के सिरागन पैलेस में शांति वार्ता के संबंध में चर्चा हुई। इससे पहले रविवार को यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया था। इस हमले में यूक्रेन ने 40 रूसी बॉम्बर्स प्लेन को ध्वस्त कर दिया था। तुर्किए में दोनों देशों के बीच एक घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत चली।
तुर्किए में रूस-यूक्रेन ने की शांति वार्ता
तुर्किए में यूक्रेन के रक्षा मंत्री रुस्तम उमरोव ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उन्होंने बताया कि रूस-यूक्रेन एक-दूसरे के कैदियों को रिहा करने पर राजी हो गए हैं। हालांकि, युद्ध रोकने की प्रमुख शर्तों के मामले में दोनों देशों के बीच अभी भी काफी मतभेद हैं। तुर्किए के विदेश मंत्री हकान फिदान ने इस शांति वार्ता की अध्यक्षता की। इस बैठक में तुर्की की खुफिया एजेंसी के अधिकारी भी शामिल हुए थे।
रूस ने रविवार को हुए यूक्रेन के हमले की पुष्टि की। रूस ने बताया कि यूक्रेन की सेना ने उसके एक एयरबेस पर हमला किया है। इस संबंध में रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी किया। जिसमें बताया गया, "कीव शासन ने मरमंस्क, इरकुत्स्क, इवानोवो, रियाजान और अमूर में स्थित हवाई क्षेत्रों पर एफपीवी ड्रोन का उपयोग करके एक आतंकी हमला किया। इवानोवो, रियाजान और अमूर में सैन्य हवाई क्षेत्रों पर हुए सभी हमलों के विफल कर दिया गया।"
रूसी रक्षा मंत्रालय ने जारी किया बयान
इस बारे में रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा, "मरमंस्क और इरकुत्स्क क्षेत्रों में सैन्य हवाई अड्डों के नजदीकी इलाकों से एफपीवी ड्रोन छोड़े जाने के परिणामस्वरूप कई विमानों में आग लग गई।" यूक्रेन के इस हमले के बाद दोनों देशों के बीच तत्काल सीजफायर की उम्मीद कम ही है। यूक्रेन के वायु सेना ने कहा कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने रूस की ओर से छोड़े गए 80 ड्रोनों में से 52 को तबाह कर दिया।
उत्तरपूर्वी यूक्रेनी शहर खारकीव के मेयर ने कहा कि सोमवार की सुबह दो बैलिस्टिक मिसाइल ने शहर के एक आवासीय इलाके पर हमला किया. उन्होंने कहा कि इसमें से एक मिसाइल स्कूल के पास तो दूसरा एक इमारत के पास गिरी।
Created On :   3 Jun 2025 12:22 AM IST