China-Philippines Tension: चीन और फिलीपींस के बीच चल रहे तनाव के दौरान चीन पर भड़का अमेरिका, इस देश को साथ देने का किया वादा

चीन और फिलीपींस के बीच चल रहे तनाव के दौरान चीन पर भड़का अमेरिका, इस देश को साथ देने का किया वादा
दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस के बीच बढ़ते हुए तनाव के बीच अमेरिका चीन पर भड़क गया है। अमेरिका ने स्कारबोरो रीफ पर चीन के राष्ट्रीय प्रकृति रिजर्व स्थापित करने के कदम को खारिज कर दिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण चीन सागर को लेकर चीन और फिलीपींस के बीच पहले से ही तनाव जारी है। अब एक नए फैसले से दोनों देशों के बीच मामला फिर से गरमा गया है। चीन ने स्कारबोरो रीफ के आसपास नए नियम लागू किए गए हैं। इस जगह को लेकर दोनों देशों में लंबे समय से विवाद जारी है। चीन ने यहां एक राष्ट्रीय प्रकृति क्षेत्र बनाने का फैसला किया है। चीन का कहना है कि इस इलाके की देखभाल और निगरानी करने के लिए नए नियम जरूरी हैं। लेकिन फिलीपींस को डर है कि इससे उसके मछुआरों के लिए परेशानी बढ़ सकती है। इसी बीच अमेरिका ने भी चीन क इस कदम पर आपत्ति जताई है।

अमेरिका ने चीन के फैसले का किया विरोध

अमेरिका ने कहा है कि चीन के नए नियमों से फिलीपींस के मछुआरों को उस इलाके में जाने में परेशानी हो सकती है। वहां से वे लंबे समय से मछली पकड़ते आए हैं। अमेरिका ने चीन के कदम को गलत बताया है। अमेरिका का कहना है कि चीन को अपने आसपास के देशों के अधिकारों का भी ध्यान रखना चाहिए। उसने साफ कहा है कि वह इस मामले में फिलीपींस के साथ है। अमेरिका ने खुले और आजाद इंडो-पैसिफिक क्षेत्र का समर्थन करने की बात भी कही है।

चीन ने अगस्त में बनाए नए नियम

चीन ने एक अगस्त को स्कारबोरो रीफ के लिए नए नियम जारी किए हैं। इन नियमों में इस इलाके की देखभाल, निगरानी और सुरक्षा से जुड़े काम बताए गए हैं। चीन के कई सरकारी विभाग मिलकर इस जगह पर नजर रखेंगे। चीन ने इस इलाके को राष्ट्रीय प्रकृति क्षेत्र बनाने की मंजूरी सितंबर 2024 में दी थी। नए नियमों का उद्देश्य सरकारी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाना बताया गया है।

2016 के फैसले के बाद भी जारी है विवाद

स्कारबोरो रीफ को लेकर दोनों देशों का विवाद नया नहीं है। बता दें, 2016 में समुद्री कानून से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय न्यायिक पैनल ने चीन के बड़े समुद्री दावों को कानूनी आधार नहीं माना था। फिलीपींस इस फैसले का समर्थन करता है, जबकि चीन इसे मानने से इनकार करता रहा है। इसी वजह से इस इलाके में दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।

Created On :   9 Aug 2026 1:18 PM IST

Tags

Next Story