बांग्लादेश आम चुनाव 2024: बांग्लादेश में कल आम चुनाव के लिए होगी वोटिंग, विपक्ष का बायकॉट जारी, चौथी बार पीएम बनने की कगार पर शेख हसीना!

बांग्लादेश में कल आम चुनाव के लिए होगी वोटिंग, विपक्ष का बायकॉट जारी, चौथी बार पीएम बनने की कगार पर शेख हसीना!
  • बांग्लादेश में कल होगी आम चुनाव के लिए वोटिंग
  • विपक्ष का प्रदर्शन जारी
  • चौथी बार पीएम बनने की कगार पर शेख हसीना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश में आम चुनाव का विरोध विपक्ष जोरों-शोरों से कर रहा है। रविवार यानी 7 जनवरी को बांग्लादेश में आम चुनाव होने वाले हैं। वोटिग से पहले देश की स्थिति काफी खराब हो गई है। मतदान केंद्रों को जलाए जा रहे हैं। स्कूलों को भी आग के हवाले किया जा रहा है। विपक्ष चुनाव का वहिष्कार करने में लगा हुआ है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए राजधानी ढाका के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। जिसकी वजह से भीड़भाड़ वाले ढाका की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को राजधानी ढाका के गोपीबाग इलाके में एक ट्रेन में कुछ अज्ञात लोगों ने आग लगी दी थी। जिसके चलते पांच लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान से अलग हुए बांग्लादेश में साल 1971 के बाद यह 12वां आम चुनाव है। साल 2009 से ही प्रधानमंत्री शेख हसीना बांग्लादेश की सत्ता पर काबिज हैं। राजनीतिक जानकारों का भी मानना है कि शेख हसीना इस बार भी प्रधानमंत्री पद की प्रबल दावेदार हैं।

विपक्ष की मांग

बांग्लादेश के अधिकारियों के मुताबिक, चुनाव को सफल बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। देश के कोने-कोने पर सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इधर, बांग्लादेश की मुख्य विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) चुनाव का बहिष्कार बीते कई महीने से कर रही है। बीएनपी का साफ कहना है कि पहले शेख हसीना प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे। उसके बाद देश में निष्पक्ष रूप से चुनाव करवाया जाए। इधर, प्रधानमंत्री शेख हसीना ने विपक्ष की मांग को मनाने से साफ इनकार कर दिया है। विपक्षी पार्टी बीएनपी ने दावा किया है कि शेख हसीना की पार्टी बांग्लादेश अवामी लीग आम चुनाव में धांधली करके चुनाव जीत जाती है।

चुनाव के लिए बढ़े सुरक्षा के इंतजाम

बांग्लादेश में आम चुनाव का विरोध बीते कई महीनों से जारी है। इसमें वहां की जनता भी बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही है। वहां की आवाम का भी मानना है कि चुनाव को निष्पक्ष रूप से कराया जाना चाहिए। देश में जारी प्रदर्शन में अब तक 10 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। बांग्लादेश पुलिस का कहना है कि उपद्रवी पोलिंग बूथों और स्कूलों को निशाना बना रहे हैं। उपद्रवियों द्वारा स्कूलों को आग के हवाले किए जाने पर बांग्लादेश के पुलिस कहना है कि ऐसा करने के पीछे चुनाव में वोटिंग को प्रभावित करना है।

रविवार को देशभर में 42,000 मतदान केंद्रों पर आठ घंटे तक चुनाव होंगे। मतदान के लिए पोलिंग बूथ पर मतपेटियां भेज दी गई हैं। आठ लाख पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बलों और अन्य जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही, शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आर्मी, नेवी और वायुसेना के जवानों को भी सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए तैनात किया गया है। सत्ताधारी अवामी लीग कहना है कि बीएनपी चुनाव ठीक तरीके नहीं होने दे रही है। बता दें कि, शुक्रवार को बांग्लादेश में चुनाव प्रचार का शोर थम गया था। देश में 299 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। जिसके लिए सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दी गई है।

Created On :   6 Jan 2024 2:33 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story