नागपुर: गुरुद्वारा परिसर में मारपीट, तलवारबाजी में 3 जख्मी

गुरुद्वारा परिसर में मारपीट, तलवारबाजी में 3 जख्मी
  • दो पक्षों में प्रधान पद की गद्दी को लेकर विवाद
  • एक व्यक्ति गंभीर, दो अन्य मामूली रूप से जख्मी
  • वर्तमान प्रधान और उनके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर के कमाल चौक क्षेत्र में गुरुनानक दरबार के प्रधान पद की गद्दी संभालने को लेकर समाज के दो पक्ष आमने- सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिससे परिसर में तनावपूर्ण माहौल हो गया। घटना शनिवार को हुई। बताया जाता है कि, गद्दी पाने को लेकर दोनों पक्षों में कुछ दिन से विवाद चल रहा है। इस विवाद के चलते शनिवार को दोनों पक्षों में आरोप- प्रत्यारोप के बीच हिंसक झड़प हो गई।

मत्था टेकते समय हुआ विवाद

सूत्रों के अनुसार एक पक्ष मत्था टेकने गए वर्तमान अध्यक्ष से विवाद करने लगा। पिता से मारपीट होते देख बेटे ने दरबार परिसर में रखी तलवार उठाकर विरोधी पक्ष पर हमला कर दिया, जिससे एक व्यक्ति गंभीर और दो अन्य मामूली रूप से जख्मी होने की चर्चा है। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर पांचपावली पुलिस ने जसमीतसिंह अमरजीतसिंह भाटिया की शिकायत पर वर्तमान प्रधान परमिंदरसिंह करतारसिंह विज और गगनदीपसिंह विज के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पांचपावली के थानेदार बाबूराव राऊत के अनुसार दूसरे गुट द्वारा शिकायत नहीं किए जाने की जानकारी मिली है।

जल्द चुनाव चाहता है एक पक्ष

बताया जाता है कि, विरोधी पक्ष जल्द से जल्द चुनाव कराने की मांग कर रहा है, लेकिन विज चुनाव टाल रहे हैं। विवाद के चलते उन्होंने भाटिया परिवार के दो लोगों की सदस्यता भी रद्द कर दी और चुनाव पर ‘स्टे’ लाया है। दोनों तरफ से वीडियो बनाकर एक-दूसरे पर आरोप लगाने की भी चर्चा है। शनिवार को सुबह परमिंदरसिंह और उनका बेटा गगनदीपसिंह गुरुद्वारे में पहुंचे। वह प्रार्थना कर रहे थे कि, भाटिया पक्ष के कुछ लोगों ने वहां पहुंचते ही परमिंदरसिंह के साथ दरबार परिसर में मारपीट करना शुरू कर दिया। विरोधी पक्ष, परमिंदरसिंह को घेरकर मारने लगा। गगनदीपसिंह ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन वह अकेला पड़ गया, इस बीच उसने दरबार परिसर में रखी तलवार उठाकर विरोधी पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में अमरजीत के सिर पर गंभीर चोट लगी है।

जख्मी निजी अस्पताल में भर्ती

बताया जाता है कि, करीब 2 वर्ष से परमिंदरसिंह विज गुरुनानक दरबार के प्रधान पद पर बने हुए हैं। दूसरे पक्ष का कहना है कि, उनका कार्यकाल पूरा हो गया है और भाटिया गुट दावेदारी कर रहा है। गुरुद्वारे के भीतर तनाव के बारे में जानकारी मिलने पर पांचपावली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। परमिंदरसिंह को बेहोशी की हालत में अस्पताल भेजा गया। भाटिया को भी सरकारी अस्पताल में जांच करवाने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर पूरे समाज में चर्चा का माहौल बना हुआ है। अन्य गुरुद्वारों के प्रधानों ने भी वहां पहुंचकर माहौल शांत करवाने का प्रयास किया। चर्चा ये भी हैं कि, भाटिया पक्ष ने दबाव तंत्र का उपयोग कर मामला दर्ज कराया, जिससे दूसरा पक्ष शिकायत नहीं कर पाया। पांचपावली के थानेदार राऊत के अनुसार एक गुट की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। दूसरे गुट ने शिकायत नहीं दी है।

Created On :   31 March 2024 4:49 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story