टला बड़ा हादसा: टेक ऑफ होने से पहले एअर इंडिया के विमान में मिली गड़बड़ी, पायलट ने रनवे पर रोका

टेक ऑफ होने से पहले एअर इंडिया के विमान में मिली गड़बड़ी, पायलट ने रनवे पर रोका
  • हैदराबाद एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया
  • मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में अचानक आई तकनीकी खराबी
  • पायलट की समझदारी से बची यात्रियों की जान

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट ने उसे टेकऑफ से पहले रनवे पर ही रोक दिया।

पायलट द्वारा समय पर लिए गए एक्शन से संभावित खतरा टल गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं। एअर इंडिया की टीम ने तुरंत ही यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था कराई और उन्हें मुंबई भेजा।

अहमदाबाद विमान हादसे में गई थीं 241 जानें

इसी महीने की 12 तारीख को अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान एआई-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। शुरुआती जांच रिपोर्ट्स में हादसे की वजह फ्लाइट के दोनों इंजन का फेल हो जाना बताया गया है। टेक ऑफ करने के बाद विमान रनवे के पास में स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल पर गिर गया। इस भयानक हादसे में प्लेन में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई। जबकि एक यात्री सुरक्षित बच गया।

वहीं मेडिकल कॉलेज की जिस बिल्डिंग पर विमान गिरा, वहां मौजूद 22 लोग भी इसका शिकार हो गए। शवों की पहचान करने के लिए डीएनए प्रोसेस का इस्तेमाल किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक अब तक 231 शवों की पहचान हो चुकी है और इनमें से 210 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक राकेश जोशी ने बताया, "शाम 5.45 बजे तक, मृतकों के 231 DNA नमूने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मेल खा चुके हैं। उन 231 मिलान किए गए नमूनों में से, 210 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। 21 शवों के परिवार अपने परिवार के किसी अन्य सदस्य के DNA मैच का इंतजार कर रहे हैं। हम 10 मृतकों के परिवारों के संपर्क में हैं, ताकि वे आकर शव ले सकें। तीन शव पोस्टमार्टम कक्ष में हवाई अड्डे से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इन 210 में से 16 शव हवाई मार्ग से और 194 शव सड़क मार्ग से भेजे गए हैं।"

Created On :   20 Jun 2025 11:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story