Amarnath Yatra Bus Accident: अमरनाथ यात्रा के दौरान काफिले की 4 बसों में जोरदार टक्कर, 35 से ज्यादा यात्री घायल, इलाज जारी

अमरनाथ यात्रा के दौरान काफिले की 4 बसों में जोरदार टक्कर, 35 से ज्यादा यात्री घायल, इलाज जारी
  • अमरनाथ यात्रा में बस हादसा
  • 35 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती
  • पहलगाम जाते समय हुई दुर्घटना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमरनाथ यात्रा के दौरान शनिवार (5 जुलाई) को बड़ा हादसा हुआ है। जम्मू-कश्मीर के रामबन में तीर्थयात्रियों को पहलगाम की ओर ले जा रहे काफिले की 4 बसों में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 35 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा एक बस का ब्रेक फेल होने के चलते हुआ है। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया ताकि सभी का जल्द से जल्द इलाज हो सके। इस दुर्घटना के बाद से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, ब्रेक फेल होने से एक बस पूरी तरह से अपना नियंत्रण खो बैठी। इसके बाद पीछे आ रही बसें एक के बाद एक आपस में टकराती गईं। घटना से जुड़ी कई तस्वीरें सामने आई हैं। फोटो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बस के परखच्चे उड़ गए।

35 से ज्यादा यात्री घायल

रामबन के डिप्टी कमिश्नर (DEO) ने अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहलगाम काफिले का आखिरी वाहन नियंत्रण खो बैठा और चंदरकोट लंगर स्थल पर फंसे वाहनों से टकरा गया, जिससे 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और 36 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत डीएच रामबन में स्थानांतरित कर दिया गया है।

'रास्ते में स्पेशल पैट्रोलिंग की जा रही'

कठुआ के SSP शोभित सक्सेना ने अमरनाथ यात्रा पर कहा कि बहुत ही पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हम जत्थों को छोटे काफिलों के रूप में रवाना कर रहे हैं। हमारा मुख्य उद्देश्य यहां से लोगों को सुरक्षित और जल्दी उनके गंतव्य तक पहुंचाना है। इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह समर्पित है। रास्ते में स्पेशल पैट्रोलिंग की जा रही है। हर जगह पुलिस और CAPF की निगरानी है। जिला प्रशासन एवं पुलिस के द्वारा मार्ग पर CCTV की मदद से निगरानी की जा रही है। समन्वय में किसी तरह की कोई कमी नहीं है।

Created On :   5 July 2025 12:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story