Ram Mandir Donation Scam: राम मंदिर चंदा चोरी में शामिल आरोपी अविनाश शुक्ला ने अपनी गर्लफ्रैंड को दिलाया था लाखों का फोन, जांच में हुआ खुलासा

राम मंदिर चंदा चोरी में शामिल आरोपी अविनाश शुक्ला ने अपनी गर्लफ्रैंड को दिलाया था लाखों का फोन, जांच में हुआ खुलासा
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला ने लाखों रुपयों का लेन-देन किया है। जांच में ये भी पता चला है कि गर्लफ्रैंड को महंगा गिफ्ट भी दिया है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज हो रही है। अब इस मामले में एक नई कड़ी सामने आई है। जांच करने के वक्त पता चला है कि आरोपी अविनाश कुमाल शुक्ला के अकाउंट और नकद लेन-देन में लगभग 15 लाख रुपए से भी ज्यादा रकम शामिल है। पुलिस ये जानने में लगी हुई है कि ये पैसा आखिर आ कहां से रहा था और इसका चढ़ावा चोरी से क्या लेना देना है। साथ ही ये भी सामने आया है कि अविनाश ने अपनी गर्लफ्रैंड को भी पैसे दिए हैं।

महिला दोस्त को दिए थे लाखों रुपये और महंगा फोन

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपनी एक महिला मित्र को करीब 2 लाख रुपये नकद दिए थे। इसके अलावा उसे एक महंगा मोबाइल फोन भी गिफ्ट में दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी रकम कैसे पहुंची और इसका असली स्रोत क्या था।

भाई को भी हुआ था शक

आरोपी के भाई अभिषेक के मुताबिक, वह कई बार अविनाश को ड्यूटी खत्म होने के बाद नकदी लेकर योग केंद्र जाते हुए देख चुका था। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो अविनाश ने कोई साफ जवाब नहीं दिया। बाद में दूसरे कर्मचारी से पूछने पर बताया गया कि श्रद्धालु खुशी से पैसे दे देते हैं और दर्शन कराने में मदद के बदले भी कुछ लोग रकम देते हैं। साथ ही इस बारे में दोबारा बात न करने की बात भी कही थी।

मंदिर में बदले गए सुरक्षा के नियम

घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने चढ़ावे की गिनती की पूरी व्यवस्था बदल दी गई है। अब नोटों की गिनती टेबल-कुर्सी की बजाय जमीन पर गद्दा और प्लाईवुड बिछाकर की जा रही है। गिनती के समय कर्मचारियों को आपस में बातचीत की अनुमति नहीं है। बार-बार बाहर जाने वालों पर खास नजर रखी जा रही है। पूरे कक्ष की निगरानी लगातार कैमरों से की जा रही है। वहीं निगरानी कक्ष में तैनात कर्मचारियों को भी ड्यूटी के दौरान अपनी जगह छोड़ने की अनुमति नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   5 July 2026 12:09 PM IST

Tags

Next Story