रामलला प्राण प्रतिष्ठा अपडेट: स्वर्ण आभुषणों से सुशोभित प्रतिमा में राम लला प्राण प्रतिष्ठित, समारोह के बाद पीएम मोदी ने कहा अब आगे क्या...

  • रामलला के स्वागत में दुल्हन की तरह सजी अयोध्या
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हुई प्राण प्रतिष्ठा
  • 84 सेकण्ड के अभिजीत मुहूर्त में हुई प्राण प्रतिष्ठा

डिजिटल डेस्क, अयोध्या। पिछले पांच शताब्दियों से चला आ रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। आज रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ भगवान श्रीराम के भव्य और दिव्य मंदिर का उद्घाटन हुआ। दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड से लेकर 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड तक के अभिजीत मुहूर्त में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राण प्रतिष्ठा के सभी अनुष्ठानों को पूरा करने के बाद शुभ मुहूर्त में रामलला की स्थापना की। इस खास मौके का ना केवल अयोध्या बल्कि भारत सहित पूरी दुनिया भर में लोगों के बीच उत्साह बना हुआ है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अयोध्या नगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संत समाज और देश भर की कई हस्तियों की उपस्थिति में रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।

Live Updates

  • 22 Jan 2024 9:49 AM GMT

    भगवान शिव के दर्शन करने पहुंचे पीएम मोदी

    श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के बाद अपना संबोधन खत्म करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या धाम में भगवान शिव के समक्ष पूजा-अर्चना करने पहुंचे।

  • 22 Jan 2024 9:45 AM GMT

    रामलला के दर्शन के मंदिर में गए साधुगण

    प्रधानमंत्री के मंदिर परिसर से जाने के बाद सभी साधुगण श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करने के लिए गर्भ गृह में पहुंचे।

  • 22 Jan 2024 9:39 AM GMT

    प्रधानमंत्री ने अतिथियों को कहा धन्यवाद

    अपने संबोधन को खत्म करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस खास मौके पर मंदिर परिसर में मौजूद सभी बड़ी हस्तियों से मुलाकात करके समारोह में शामिल होने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। 

  • 22 Jan 2024 9:33 AM GMT

    यह राम के रूप में राष्ट्रीय चेतना का मंदिर

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन को विराम देते हुए कहा, ''यह राम के रूप में राष्ट्रीय चेतना का मंदिर है। राम भारत की आस्था हैं, राम भारत की नींव हैं। राम भारत का विचार हैं, राम भारत का कानून हैं। राम भारत की प्रतिष्ठा हैं, राम भारत की शान हैं। राम नेता हैं और राम नीति हैं। राम शाश्वत हैं। जब राम का सम्मान होता है तो उसका प्रभाव वर्षों या सदियों तक नहीं रहता, उसका प्रभाव होता है हजारों साल के लिए।"

  • 22 Jan 2024 9:29 AM GMT

    सागर से सरयू तक राम नाम: पीएम मोदी

    अपने संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "मुझे सागर से सरयू तक यात्रा करने का अवसर मिला। सागर से सरयू तक, हर जगह राम नाम का वही उत्सव दिख रहा है।"

  • 22 Jan 2024 9:27 AM GMT

    राम भक्त इस क्षण में डूबे हुए हैं: पीएम मोदी

    अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''मुझे दृढ़ विश्वास और अपार विश्वास है कि प्रभु राम के भक्त आज इस ऐतिहासिक क्षण में पूरी तरह से डूबे हुए हैं। देश और दुनिया के कोने-कोने में प्रभु राम के भक्त बहुत गहराई से जुड़े हुए हैं। यह महसूस कर रहा हूँ। यह क्षण दिव्य है, यह क्षण सबसे पवित्र है।"

  • 22 Jan 2024 9:25 AM GMT

    देशवासियों ने झेला अयोध्या से अलगाव

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''उस कालखंड में अलगाव सिर्फ 14 साल तक रहा। इस दौर में अयोध्या और देशवासियों ने सैकड़ों साल का अलगाव सहा है। हमारी कई पीढ़ियों ने ये अलगाव झेला है।''

  • 22 Jan 2024 9:20 AM GMT

    मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने किया ट्वीट

    अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के बाद मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, "अयोध्या में 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह की पूर्व संध्या पर, मेक्सिको के क्वेरेटारो शहर को पहला भगवान राम मंदिर मिला। क्वेरेटारो मेक्सिको में पहले भगवान हनुमान मंदिर की भी मेजबानी करता है। 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह था मैक्सिकन मेजबानों और भारत से लाई गई मूर्तियों के साथ एक अमेरिकी पुजारी द्वारा प्रदर्शन किया गया। भारतीय प्रवासियों द्वारा गाए गए भजन और गीत पूरे हॉल में गूंज रहे थे, जिससे वातावरण दिव्य ऊर्जा से भर गया।"

  • 22 Jan 2024 9:18 AM GMT

    प्रधानमंत्री ने न्यायपालिका को दिया आभार

    पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "भगवान राम के अस्तित्व पर कानूनी लड़ाई दशकों तक चली। मैं न्याय करने के लिए भारत की न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं।"

  • 22 Jan 2024 9:07 AM GMT

    प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान राम से मांगी माफी

    अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं आज भगवान श्री राम से भी क्षमा मांगता हूं। हमारे प्रयास, त्याग और तपस्या में कुछ कमी रही होगी जो हम इतनी सदियों तक ये काम नहीं कर पाए। आज वो काम पूरा हो गया है। मुझे विश्वास है कि प्रभु श्री राम आज हमें अवश्य क्षमा करेंगे।"

Created On :   22 Jan 2024 3:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story