Satara Female Doctor Case: 'आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा', सतारा महिला डॉक्टर रेप केस पर एकनाथ शिंदे की प्रतिक्रिया

आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा, सतारा महिला डॉक्टर रेप केस पर एकनाथ शिंदे की प्रतिक्रिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के सातारा में महिला डॉक्टर के सुसाइड मामले पर भारी हंगामा मचा हुआ है। डॉक्टर ने आत्महत्या से पहले सीनियर ऑफिसर्स पर गंभीर आरोप भी लगाए थे। सरकार ने फौरन एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने शोक जताते हुए घटना को निंदनीय बताया। शिंदे ने कहा कि किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। आपको बता दें कि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए इस मामले पर दुख जाहिर किया था। उन्होंने कहा था कि जब तक इंसाफ नहीं होता हम चुप नहीं बैठेंगे।

डिप्टी सीएम की प्रतिक्रिया

सतारा में महिला डॉक्टर के सुसाइड केस पर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें बहुत कड़ी सजा मिलेगी और पूरा मामला फास्ट-ट्रैक कोर्ट में जाएगा।

सीएम ने जताया दुख

इस मामले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कभी-कभी कोई घटना बहुत दुखद होती है। परसों हमारी छोटी बहन ने यहां आत्महत्या कर ली। उसकी मौत बहुत दुखद है। उसने अपनी जान लेने का कारण भी अपने हाथों पर लिखा था। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सीएम ने आगे कहा कि केस से जुड़े सभी तथ्य सामने आ रहे हैं। जब तक हमारी छोटी बहन को इंसाफ नहीं मिल जाता, हम चुप नहीं बैठेंगे। लेकिन हर मामले में कुछ लोग राजनीति करने की कोशिश करते हैं। बिना किसी वजह के हमारे रंजीत दादा और सचिन पाटिल (स्थानीय MLA) का नाम जोड़ा गया है। महाराष्ट्र के लोग देवा भाऊ को बहुत अच्छे से जानते हैं; अगर इस मामले में ज़रा सा भी शक होता, तो मैं यह प्रोग्राम कैंसिल कर देता। ऐसे मामलों में मैं पार्टी नहीं देखता, मैं इंसान नहीं देखता, न ही मैं राजनीति देखता हूं। यह हमारी छोटी बहन का मामला है। कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Created On :   26 Oct 2025 6:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story