बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें बढ़ी, लखनऊ और गोंडा स्थित घर पहुंची दिल्ली पुलिस, 12 लोगों के बयान किए दर्ज

बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें बढ़ी, लखनऊ और गोंडा स्थित घर पहुंची दिल्ली पुलिस, 12 लोगों के बयान किए दर्ज
  • बृजभूषण पर एक्शन
  • कुश्ती संघ के पूर्व चीफ के घर पहुंची दिल्ली पुलिस
  • एसआईटी ने 12 लोगों से की पूछताछ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। क्योंकि यूपी के गोंडा जिले में स्थित उनके घर दिल्ली पुलिस पहुंची हुई थी। खबरें ये भी हैं कि गोंडा के अलावा दिल्ली पुलिस सोमवार रात को बृजभूषण शरण सिंह के लखनऊ स्थित घर भी पहुंची हुई थी। दिल्ली पुलिस की एसआईटी टीम ने दोनों जगह के घरों में मौजूद लोगों से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात दिल्ली पुलिस ने सांसद बृजभूषण सिंह से जुड़े लोगों से पुछताछ की। इसके अलावा उनके नाम-पत्ते और पहचान पत्र साक्ष्य के तौर पर जुटाए हैं। एसआईटी ने करीब 12 लोगों से पूछताछ की है और उनके बयान दर्ज कर वापस दिल्ली लौट भी गई है। आपको बता दें कि, देश के जाने माने रेसलर्स कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ, एक महीने से ज्यादा दिनों से मोर्चा खोल रखा है। महिला पहलवानों ने सिंह के ऊपर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।

137 लोगों से हो चुकी है पूछताछ

दरअसल, सात महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 21 अप्रैल को कनॉट प्लेस थाने में शिकायत दर्ज कराई थीं। रेसलर्स की इस शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं। पहली एफआईआर नाबालिक से छेड़छाड़ और जबरदस्ती यौन संबंध बनाने के आधार पर हुई है। जिसमें पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। जबकि दूसरी एफआईआर में 6 अन्य महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इन दोनों मामलों की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अब तक इस मामले में 137 लोगों से पूछताछ हो चुकी है।

काम पर लौटे पहलवान

बीते शनिवार को महिला पहलवान साक्षी मलिक अपने पति के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात की पुष्टि खुद साक्षी के पति सत्यव्रत कादियान ने आजतक से बातचीत में की है। इस दौरान उन्होंने बताया था कि इस बैठक का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला था। हमने इस बैठक में अमित शाह जी से बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाए थे। जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया था। लेकिन हम कुल मिलाकर देखें तो इस बैठक का कोई खास नतीजा नहीं निकला है। आपको बता दें कि इसी बैठक के बाद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले तीन पहलवान विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया अपने काम पर लौट गए हैं। ये तीनों पहलवान रेलवे में जॉब करते हैं।

महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर क्या लगाए हैं आरोप?

  • दरवाजों को बंद करके गलत जगह छूना
  • शारीरिक रिश्ते बनाने के लिए लालच देना
  • बेड पर बैठ कर गले लगाना
  • दूर जाने पर कंधे पकड़ कर अपनी ओर खींचना
  • फोटो लेने के बहाने बाहों में जकड़ना
  • हथेली, जांघ और छाती को छूना

Created On :   6 Jun 2023 4:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story