IND-PAK Ceasefire: सीजफायर को लेकर ट्रंप के बयान को शशि थरूर ने किया खारिज, कहा- 'मध्यस्थता कहना बिल्कुल गलत है'

- भारत और पाकिस्तान ने किया सीजफायर
- ट्रंप ने पोस्ट करके दी जानकारी
- शशि थरूर ने किया ट्रंप के बयान को खारिज
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हुआ था, जिसकी जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्विटर पर पोस्ट करके दी थी। ट्रंप की तरफ से दावा किया गया है कि, सीजफायर अमेरिका की मध्यस्थता से ही मुमकिन हो पाया है। इसको लेकर ही कांग्रेस सांसद और पूर्व राजनयिक शशि थरूर ने उनके इस दावे को खारिज किया है। उन्होंने खारिज करते हुए कहा है कि, 'मध्यस्थता नहीं बल्कि रचनात्मक सहयोग' है।
ट्रंप ने किया था पोस्ट
ट्रंप ने शनिवार की रात को सोशल मीडिया पर दावा किया था कि, अमेरिका की मध्यस्थता से भारत और पाकिस्तान के बीच पूर्ण और तत्काल रूप से सीजफायर का समझौता हुआ है। सिर्फ एक घंटे के अंदर ही भारत और पाकिस्तान दोनों देशों ने आधिकारिक रूप से सीजफायर का ऐलान कर दिया था।
थरूर ने किया बयान को खारिज
ट्रंप के दावों को लेकर शशि थरूर ने प्रतिक्रिया देते हुे कहा कि, ये कहना कि ये मध्यस्थता थी, बिल्कुल गलत है। ये अमेरिका के साथ कुछ देशों की तरफ से एक रचनात्मक रोल था, जिसमें दोनों पक्षों से संपर्क कर रहे थे। लेकिन भारत की तरफ से कभी भी किसी भी तीसरे पक्ष से मध्यस्थता की मांग नहीं की गई है। थरूर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, विदेश मंत्री एस. जयशंकर अमेरिका के सेक्रेटरी मार्को रूबियो, यूएई, ब्रिटेन और फ्रांस के विदेश मंत्रियों से लगातार बातचीत कर रहे थे। साथ ही पाकिस्तान के विदेश मंत्री भी सभी देशों में बात कर रहे थे।
Created On :   12 May 2025 6:30 PM IST