Ram Mandir Donation Theft Case: राम मंदिर चंदा चोरी के बाद चंपत राय की पहली प्रतिक्रिया, कहा- 'मेरे ऊपर कई अनर्गल आरोप'

राम मंदिर चंदा चोरी के बाद चंपत राय की पहली प्रतिक्रिया, कहा- मेरे ऊपर कई अनर्गल आरोप
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस्तीफा देने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले में हो रही चर्चा के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने पहली बार अपनी बात रखी है। उनका इस्तीफा मंजूर होने के बाद उन्होंने एक पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि उन पर कई तरह के गलत आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद वह हर सवाल का जवाब देंगे और सच्चाई सबके सामने आएगी।

हाथ से लिखा पत्र किया शेयर

चंपत राय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर अपने हाथ से लिखा एक पत्र शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने श्रीरामचरितमानस की एक चौपाई भी लिखी। पत्र में उन्होंने बताया कि 7 जून 2026 को मंदिर परिसर के दानपात्र की गिनती के दौरान हुई कथित चोरी के बाद कई तरह की बातें कही जा रही हैं। साथ ही अपने पत्र में चंपत राय ने कहा कि उनके खिलाफ बिना वजह कई आरोप लगाए गए, लेकिन उन्होंने इस पूरे मामले में चुप रहना ही ठीक समझा। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई को ट्रस्ट की बैठक में विशेष जांच टीम की शुरुआती रिपोर्ट रखी गई थी। अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद वह एक-एक मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि उस समय सच्चाई सभी के सामने होगी।

अपने लंबे सफर का भी किया जिक्र

चंपत राय ने ये भी लिखा कि वह अक्टूबर 1991 से अयोध्या में काम कर रहे हैं। उनका प्रचारक जीवन 45 साल का रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी रहे, हमेशा खुलेपन और ईमानदारी के साथ काम किया। आखिर में उन्होंने सभी को सम्मान के साथ नमस्कार भी किया।

ऐसे शुरू हुआ पूरा मामला

राम मंदिर के चंदापात्र से पैसे गायब होने का मुद्दा सामने आने के बाद इस पर राजनीतिक बयान भी आए। सबसे पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले को उठाया था। शुरुआत में चंपत राय ने आरोपों को गलत बताया था। बाद में उनकी मांग पर ही सरकार ने विशेष जांच टीम बनाई। फिलहाल शुरुआती रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जबकि अंतिम रिपोर्ट जुलाई के आखिरी सप्ताह में आने की उम्मीद है। इस बीच 26 जून को दिए गए चंपत राय के इस्तीफे को 6 जुलाई की ट्रस्ट बैठक में मंजूरी मिल गई।

Created On :   7 July 2026 6:12 PM IST

Tags

Next Story