Wayanad Flood Flash: वायनाड में लैंडस्लाइड-फ्लैश फ्लड से मचा हाहाकार! मलबे में फंसे 3 लोगों की मौत, 7 अब भी लापता, वीडियो में देखें कुदरत की तबाही!

वायनाड में लैंडस्लाइड-फ्लैश फ्लड से मचा हाहाकार! मलबे में फंसे 3 लोगों की मौत, 7 अब भी लापता, वीडियो में देखें कुदरत की तबाही!
कल्लाडी टनल निर्माण स्थल पर हो रही खुदाई के समय जमा हुआ मलबा खिसक गया और नीचे गिर गया, जिससे सड़कें बंद हो गई हैं। इस लैंडस्लाइड में 3 लोगों की जान चली गई है और अब भी 7 लोग लापता हैं।

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरल के वायनाड जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। कल्लाडी इलाके में टनल निर्माण के पास खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी और मलबा खिसक गया। इसकी चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा 7 लोगों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है। आशंका है कि कुछ और लोग भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। हालांकि, राहत बचाव कार्य जोरों पर है और लोगों को निकालने का पूरा प्रयास हो रहा है। इसी बीच कई झकझोर देने वाले वीडियोज भी सोशल मीडिया पर लगातार शेयर किए जा रहे हैं।

कई जगहों को पहुंचा नुकसान

जानकारी के मुताबिक यह हादसा मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां वायनाड और मलप्पुरम को जोड़ने वाली टनल सड़क परियोजना पर काम चल रहा है। भूस्खलन इतना तेज था कि पास में बना एक चर्च, चाय की दुकान, बस स्टॉप और कुछ छोटी दुकानें भी मिट्टी और मलबे की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे।

तेजी से चल रहा बचाव अभियान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और दूसरी राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। बचाव दल हर संभावित जगह पर तलाश कर रहे हैं ताकि अगर कोई व्यक्ति मलबे में फंसा हो तो उसे जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि मलबे के नीचे कितने लोग फंसे हैं।

जनप्रतिनिधियों ने जताया दुख

वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि राहत और बचाव कार्य पूरी गंभीरता से चल रहा है और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि लगातार बारिश के कारण हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। उन्होंने लोगों से राहत अभियान में प्रशासन का सहयोग करने और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

Created On :   7 July 2026 7:47 PM IST

Tags

Next Story