Rajasthan Protest: जयपुर में कांग्रेस का भारी विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने किया बैरिकेडिंग-वाटर कैनन का इस्तेमाल, सड़कों पर क्यों उतरी भीड़?

जयपुर में कांग्रेस का भारी विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने किया बैरिकेडिंग-वाटर कैनन का इस्तेमाल, सड़कों पर क्यों उतरी भीड़?
जयपुर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। NEET UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर देश में सियासत तेज होती जा रही है। इस बीच राजस्थान के जयपुर में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी प्रदेश मुख्यालय की तरफ मार्च निकाल रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान बैरिकेडिंग लगाई गई और वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया गया। कुछ जगहों पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और समर्थक शामिल हुए। कांग्रेस ने पेपर लीक मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी ने भी राहुल गांधी के बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों पार्टियों के प्रदर्शन को देखते हुए जयपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही।

डोटासरा के नेतृत्व में निकला मार्च

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। यह मार्च कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर बीजेपी प्रदेश मुख्यालय की तरफ बढ़ा। रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। हालात संभालने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा।

हाई अलर्ट पर पुलिस

दोनों पार्टियों के प्रदर्शन एक ही समय पर होने से जयपुर में तनाव का माहौल बन गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई जगह सुरक्षा बढ़ाई गई ताकि कोई बड़ा विवाद न हो। हालांकि, इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग से कूदकर आगे निकलने की कोशिश की। बता दें कि, इससे पहले भी दोनों दल अलग-अलग मुद्दों पर जयपुर में आमने-सामने आ चुके हैं।

बीजेपी पर निशाना

राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि BJP तानाशाही चला रही है। धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए। PM मोदी ने इस पर एक शब्द भी नहीं कहा है। यहां के शिक्षा मंत्री कह रहे हैं कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। BJP के पदाधिकारी इसमें शामिल पाए गए हैं। ये लोग पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

'लाखों बच्चों का भविष्य दांव पर'

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि 2024 में राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा था कि NEET के पेपर चोरी हो रहे हैं, लाखों बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है, और इस पर चर्चा होनी चाहिए। इन लोगों ने इस पर चर्चा नहीं की, क्योंकि ये लोग खुद ही पेपर चोर थे। अब, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमें इस्तीफा मिले।

Created On :   21 May 2026 2:09 PM IST

Tags

Next Story