Election Commission Letter: निर्वाचन आयोग के पत्र पर BJP की मुहर, कांग्रेस-TMC सहित सभी विपक्षी दलों ने उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी बीच चुनाव आयोग के एक पुराने आधिकारिक पत्र पर बीजेपी केरल यूनिट की मुहर मिलने से राज्य में बवाल मच गया है। इस पत्र को सबसे पहले CPI(M) केरल ने शेयर कर निर्वाचन आयोग पर हमला बोला है। इसके बाद अब पूरे विपक्ष ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। विवाद के बीच अब चुनाव आयोग की ओर से सफाई दी गई है।
विपक्ष ने क्या सवाल किया?
CPI(M) ने 2019 के एक दस्तावेज का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि उस पर निर्वाचन आयोग के बजाय BJP केरल इकाई की मुहर लगी है। यह पत्र हाल ही में सामने आया। सीपीआईएम ने प्रश्न उठाते हुए कहा कि क्या अब चुनाव आयोग और बीजेपी एक ही पावर सेंटर से चल रहे हैं? वहीं कांग्रेस ने पूछा कि चुनाव आयोग के पास बीजेपी की मुहर कैसे पहुंची?
चुनाव आयोग ने अपनी सफाई में क्या कहा?
चुनाव आयोग ने कहा, 'हमें यह जानकारी मिली है कि बीजेपी की मुहर लगी चुनाव आयोग की एक चिट्ठी कई मलयालम न्यूज चैनलों पर प्रसारित की जा रही है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) का कार्यालय स्पष्ट करता है कि यह केवल एक क्लेरिकल एरर थी, जिसे तुरंत पहचान कर सुधार लिया गया.'
टीएमसी ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'क्या अबकी बार, मोदी सरकार भी इसी तरह की "क्लैरिकल एरर" (लिपिकीय त्रुटि) का परिणाम था?' तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कहा, 'आधिकारिक तौर पर यह स्वीकृति मिल गई है कि चुनाव आयोग (CEC) बीजेपी की B-टीम बन गई है। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, 'चुनाव आयोग ने पहले BJP की मुहर लगे आधिकारिक पत्र जारी करने का साहस दिखाया था। ज्ञानेश कुमार से अनुरोध है कि वे उस बात को स्पष्ट करें जो हम सभी पहले से जानते हैं और आगे भी इसी तरह के पत्र जारी करें। लोकतंत्र जिंदाबाद।'
कांग्रेस ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता उठाए सवाल
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'चुनाव आयोग की ओर से राजनीतिक दलों को भेजे गए पत्र पर चुनाव आयोग की मुहर के बजाय केरल बीजेपी की मुहर लगी थी। यह कोई गलती नहीं, बल्कि एक गंभीर संदेह का विषय है। इससे संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठते हैं। कांग्रेस ने पूछा, चुनाव आयोग के आधिकारिक संदेश पर किसी राजनीतिक दल की मुहर कैसे लगी? चुनाव आयोग बीजेपी के कठपुतली की तरह क्यों व्यवहार कर रहा है? क्या चुनाव आयोग भारत की जनता को इसका स्पष्टीकरण दे सकता है?'
Created On :   23 March 2026 10:50 PM IST












