Prayagraj Cold Storage Accident: प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, कोल्ड स्टोरेज की बिल्डिंग ढही, 4 की मौत, 17 घायल

प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, कोल्ड स्टोरेज की बिल्डिंग ढही, 4 की मौत, 17 घायल
  • प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे में 4 की मौत
  • रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
  • अब तक 17 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला

डिजिटल डेस्क, प्रयागराज। उत्तरप्रदेश की धार्मिक नगरी प्रयागराज में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज धमाके के बाद कोल्ड स्टोरेज की फिल्डिंग धराशायी हो गई। बिल्डिंग के मलबे में करीब 20 मजदूर दब गए। इस भीषण हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई।

मृतकों के नाम पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश हैं। इनमें से जगदीश लोकल जबकि अन्य तीन बिहार के रहने वाले थे। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चालू किया। खबर लिखे जाने तक एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीमों की मदद से अब तक 17 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है।

सामने आई वजह

हादसा जिस कोल्ड स्टोरेज में हुआ वह समाजवादी पार्टी के नेता और मंत्री अंसार अहमद का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले अमोनिया गैस स्टोरेज टैंक में बड़ा विस्फोट हुआ। इससे आरसीसी पिलर स्ट्रक्चर बुरी तरह ढह गया। फिर करीब 10 हजार स्क्वायर फीट में बनी पूरी इमारत भरभराकर गिर गई।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

इससे पहले हादसे को लेकर प्रयागराज पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने कहा, 'आज फाफामऊ में आदर्श कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने की घटना हुई है। NDRF की एक टीम और SDRF की 3 टीमें आ चुकी हैं, बचाव कार्य जारी है। 4 लोगों की मौत हुई है जबकि 12 लोग घायल हैं। घटना के संबंध में हम जांच कर रहे हैं। यह कोल्ड स्टोरेज अंसार अहमद नामक एक व्यक्ति का है। स्ट्रक्चर में लापरवाही थी और यह घटना हुई। हम जांच के लिए एक कमेटी गठित करेंगे। बचाव का काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि अंसार अहमद समाजवादी पार्टी का पूर्व विधायक है। पूरी रात बचाव कार्य चलेगा। लापरवाही क्या बरती गई है, यह देखकर कार्रवाई की जाएगी। पूरी जांच की जाएगी।'

बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज में करीब 100 लोग काम करते हैं। जिस समय हादसा हुआ, कुछ मजदूर खाना खा रहे थे तो कुछ काम कर रहे थे। उधर, पीएम मोदी और सीएम योगी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की मुआवजा राशि देने का ऐलान किया है।

Created On :   23 March 2026 9:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story