किसान आंदोलन अपडेट्स: केंद्र सरकार और पंजाब के आंदोलनकारी किसानों के बीच कल हो सकती है तीसरी बैठक, मांगों पर विचार करेगी मोदी सरकार

केंद्र सरकार और पंजाब के आंदोलनकारी किसानों के बीच कल हो सकती है तीसरी बैठक, मांगों पर विचार करेगी मोदी सरकार
  • किसानों ने आज सुबह फिर शुरू किया 'दिल्ली चलो' मार्च
  • दिल्ली, पंजाब और हरियाणा को जोड़ने वाले सभी बॉर्डस पर बवाल
  • शंभू, सिंघु, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। न्यूनतम समर्थन मूल्य सहित अपनी अन्य मांगों को पूरा करनावे के लिए हजारों किसान दिल्ली कूच करने की तैयारी कर रहे हैं। पंजाब के फतेहगढ़ से हजारों किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मंगलवार को 'दिल्ली चलो' मार्च शुरू किया। लेकिन पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर पुलिस प्रशासन ने किसानों को रोक लिया है। इस दौरान मंगलवार को पूरे दिन किसानों और पुलिस के बीच संघर्ष चला। जहां किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। वहीं किसानों ने भी बॉर्डर को पार करने की कोशिश जारी रखते हुए बॉर्डर पर लगे सीमेंट और लोहे के बैरिकेंड्स को जबरदस्ती हटाए। कल पूरे दिन चला यह बवाल देर शाम थम गया। लेकिन आज एक बार फिर से किसान अपने मोर्चे के साथ राजधानी की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस समय शंभू बॉर्डर पर कुल 2500 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मौजूद हैं। किसानों और पुलिस के बीच का यह बवाल अब केवल शंभू बॉर्डर तक ही सीमित नहीं रह गया है। सिंघु बॉर्डर, टीकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर भी किसानों और पुलिस प्रशासन के बीच तनाव भरी स्थिति बनी हुई है।

Live Updates

  • 14 Feb 2024 1:40 PM GMT

    केंद्र सरकार और किसान के बीच कल हो सकती है तीसरी मीटिंग

    सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कल पंजाब सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार पंजाब के किसानों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर सकती है।

  • 14 Feb 2024 1:14 PM GMT

    हरियाणा के 15 जिलों में लागू किया गया धारा 144

    किसानों के 'दिल्ली चलो' आह्वान के चलते हरियाणा के 15 जिलों में धारा 144 लागू की गई है। राज्य में अर्धसैनिक बल की 64 कंपनियां और राज्य पुलिस की 50 कंपनियां तैनात की गई हैं।

  • 14 Feb 2024 1:05 PM GMT

    किसानों के समर्थन में आए निहंग

    संयुक्त किसान मोर्चा के बाद निहंग भी किसानों के समर्थन में आ गए हैं। संगठन के प्रमुख बाबा रणजीत सिंह ने गुरदासपुर में किसानों के समर्थन का ऐलान किया और आंसू गैस के गोले बरसाने पर सरकार की आलोचना की। उन्होंने प्रदर्शनकारी किसानों पर की जा रही इस कार्रवाई को गैर कानूनी बताया। इसके अलावा उन्होंने 16 फरवरी को बंद का समर्थन करने का भी ऐलान किया।

  • 14 Feb 2024 1:01 PM GMT

    समर्थन में आया संयुक्त किसान मोर्चा

    संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली चलो आंदोलन को समर्थन देते हुए कल से प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा की है। जालंधर में प्रेस कांफ्रेंस के जरिए किसानों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक प्रदेश के सभी टोल प्लाजों पर किसान बैठेंगे ओर इस दौरान सभी टोल प्लाजाओं को फ्री कर दिया जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि अगर सरकार अभी नहीं मानती है तो 18 फरवरी को दोबारा बैठक कर अगली रणनीति तैयार की जाएगी।

  • 14 Feb 2024 12:54 PM GMT

    शंभू बॉर्डर पर बरसाए गए आंसू गैस के गोले

    पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए ड्रोन से आंसू गैस के गोले फेंके जा रहे हैं। इस बीच किसानों ने पतंग से ड्रोन को फंसा लिए, काफी देर तक संघर्ष करने के बाद ड्रोन को वापस जाना पड़ा।

  • 14 Feb 2024 12:49 PM GMT

    'हम पूरी तरह पंजाब के किसानों के साथ हैं' - गुरनाम चढूनी

    किसान नेता गुरनाम चढूनी ने आंदोलनकारी किसानों को अपना समर्थन दिया है और आंसू गैस फेंकने के लिए सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान का बॉर्डर नहीं है जो सरकार आंसू गैस के गोले और गोलियां बरसा रही है, हम पूरी तरह से पंजाब के किसानों के साथ हैं। 

  • 14 Feb 2024 12:44 PM GMT

    किसानों के समर्थन में आईं साक्षी मलिक

    किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन पर पहलवान साक्षी मलिक का रिएक्शन आया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार को दोबारा आंदोलन के लिए मजबूर नहीं करने का निवेदन किया है।

  • 14 Feb 2024 12:30 PM GMT

    खनौरी बॉर्डर पर जवानों और किसानों में झड़प

    खनौरी बॉर्डर पर जवानों और किसानों के बीच झड़प की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, किसानों ने वहां तैनात जवानों का हेलमेट और डंडा छीन लिया है। किसानों का कहना है कि वे बस पानी पीने गए थे और जवानों को लगा कि उन पर हमला किया जा रहा है। 50-60 जवान डंडे लेकर उनके पीछे दौड़े लेकिन, आगे जाकर किसानों की गिनती बढ गई और उन्होंने पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों का हेलमेट और डंडा छीन लिया।

  • 14 Feb 2024 10:16 AM GMT

    अखिलेश यादव ने साधा भाजपा पर निशाना

    मीडिया से बातचीत के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "पूरा किसान आंदोलन कर रहा है...एक तरफ आप भारत रत्न दे रहे हैं और दूसरी तरफ आप किसानों को रोकना चाहते हैं, उनकी मांग नहीं मानना चाहते। आखिरकार भाजपा चाहती क्या है...भाजपा के लोग पीडीए से घबराए हुए हैं...मैं उम्मीद करता हूं कि हमारे सहयोगी दल पीडीए की लड़ाई को मजबूत करेंगे..."

  • 14 Feb 2024 9:22 AM GMT

    कानून तोड़ने वालों पर नजर रखने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरा

    प्रदर्शनकारी किसानों पर नजर बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया जा रहा है ताकि कानून तोड़ने वालों की पहचान कर पाना मुमकिन हो। टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने लाउडस्पीकर और मास्ट लाइट लगाने के लिए मेट्रो लाइन के नीचे लोहे का प्लेटफॉर्म लगाया है। पुलिस ने बताया कि किसानों के बैरिकेड पार करने की स्थिति में निगरानी के लिए प्लेटफॉर्म पर 12 से अधिक सीसीटीवी भी लगाए गए हैं।

Created On :   14 Feb 2024 5:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story