Diwali Shubhkamnaye: प्रधानमंत्री मोदी समेत देश के दिग्गज नेताओं ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी समेत देश के दिग्गज नेताओं ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

डिजिटल डेस्क, नई​ दिल्ली। देशभर में दीपावली का पर्व बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशवासियों को दिवाली के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, दीपावली के पावन अवसर पर, मैं भारत और दुनिया भर में सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर देश के अन्य नेताओं ने भी रोशनी के त्योहार पर आमजनों को मंगलकामनाएं दी हैं। इनमें गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अध्यक्ष जेपी नड्डा, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आदि शामिल हैं।

दीपावली के इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है।

पीएम ने अपनी पोस्ट में लिखा, आइए इस त्यौहारी सीजन में 140 करोड़ भारतीयों की कड़ी मेहनत, रचनात्मकता और नवाचार का जश्न मनाएं। आइए, भारतीय उत्पाद खरीदें और कहें- गर्व से कहो ये स्वदेशी है! आपने जो खरीदा है उसे सोशल मीडिया पर भी साझा करें। इस तरह आप दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे।

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, सभी देशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों के दीपों से भारत रोशन हो उठे, हर आंगन में सुख, समृद्धि और मोहब्बत का उजाला फैले।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, दीपोत्सव केवल दीप जलाने का अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा में आशा का आलोक, समाज में समरसता का स्पंदन और राष्ट्र में नवजागरण का संकल्प है। प्रभु श्री राम और माता जानकी की कृपा से घरों के साथ हृदय भी आलोकित हों, सभी के जीवन में विश्वास, उत्साह और उमंग का दीप प्रज्वलित हो, यही प्रार्थना है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, समस्त देशवासियों को आलोक पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। दीपोत्सव के पावन अवसर पर सभी के जीवन में ज्ञान के प्रकाश से तम का नाश हो। मां महालक्ष्मी जी से प्रार्थना है कि सभी को सुख, समृद्धि व आरोग्य प्रदान करें।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इसे पारस्परिक सौहार्द्र, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाएं।

Created On :   20 Oct 2025 12:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story