आरोपों का खंडन: भारतीय विदेश मंत्रालय ने खारिज किया मोहम्मद यूनुस का आरोप, कहा- बांग्लादेश को अस्थिर करने का दावा निराधार

- भारतीय विदेश मंत्रालय ने खारिज किया मोहम्मद यूनुस का आरोप
- कहा- बांग्लादेश को अस्थिर करने का दावा निराधार
- 'यूनुस अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं- भारतीय विदेश मंत्रालय
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में बांग्लादेश के नेता मोहम्मद यूनुस के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने भारत पर बांग्लादेश को अस्थिर करने का आरोप लगाया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यूनुस के आरोप असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश हैं। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था और शासन के मुद्दों को न संभाल पाने की वजह से यूनुस इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।"
'यूनुस अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं'
जायसवाल ने यूनुस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी समस्याओं के लिए दूसरों पर दोषारोपण करना उनकी जिम्मेदारियों से भागने का प्रयास है। उन्होंने कहा, "मनगढ़ंत आरोपों से बांग्लादेश की समस्याएं हल नहीं होंगी। यह साफ है कि यूनुस असल मुद्दों से ध्यान हटाना चाहते हैं।"
यूनुस के प्रेस सचिव ने हाल ही में दावा किया था कि बांग्लादेश को आंतरिक और बाहरी ताकतों द्वारा अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है, जिससे देश में युद्ध जैसी स्थिति बन गई है। यूनुस ने नागरिक एकता पार्टी के अध्यक्ष महमूदुर रहमान मन्ना से मुलाकात में कथित तौर पर कहा था कि भारत बांग्लादेश में अपने प्रभाव को फिर से स्थापित करने की साजिश रच रहा है और वहां हुए बदलाव को स्वीकार नहीं कर पा रहा है।
'बांग्लादेश में जल्द हों निष्पक्ष चुनाव'
जायसवाल ने जोर देकर कहा कि बांग्लादेश में जनता की इच्छा और जनादेश का सम्मान करते हुए जल्द ही समावेशी, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश के साथ स्थिर और मैत्रीपूर्ण संबंध चाहता है।
Created On :   29 May 2025 10:00 PM IST