पुणे में बड़ा हादसा: इंद्रायणी नदी पर बना पुल का आधा हिस्सा टूटकर गिरा, मौके पर करीब 120 लोग थे मौजूद, 25 से ज्यादा पानी में बहे, 2 की मौत

- इंद्रायणी नदी पर बना पुल का आधा हिस्सा टूटकर गिरा
- मौके पर करीब 120 लोग थे मौजूद
- 25 से ज्यादा पानी में बहे, 2 की मौत
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना पुल का आधा हिस्सा टूटकर गिर गया है। जिसके चलते करीब 25 से 30 लोग नदी में बह गए हैं। अभी तक मिली जानाकरी के मुताबिक, 2 लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
दरअसल, रविवार शाम को पुणे के मावल में कुंड मॉल पर पुल गिरा है। यहां पर्यटक घुमने के लिए आए थे। घटना दोपहर 3.40 बजे हुई है। बताया जा रहा है कि नदी में पानी अचानक बढ़ा था। जिसके चलते भी यह हादसा हुआ है। इसके अलावा यह भी बताया जा रहा है कि यह पुल काफी पुराना था। प्रशासन की ओर से इसे पहले ही तोड़ने के आदेश दे दिए गए थे। हालांकि, पुल को नहीं तोड़ा गया और आज यह बड़ा हादसा हुआ है।
पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने जानकारी दी है कि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कुंदामाला गांव के पास इंद्रायणी नदी पर एक पुल ढह गया। 10 से 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। 5 से 6 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। अधिक जानकारी के लिए प्रतीक्षा करें।
आसपास के गांव वाले लोग भी राहत बचाव में जुटे
नदी में बहे कई लोगों को गंभीर चोटें भी आई है। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय की तलेगांव दाभाड़े पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। मौके पर रेस्कयू ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि मौके पर 120 लोग मौजूद थे। साथ ही, यह भी बताया जा रहा है कि करीब 25 से 30 लोग पानी की धारा में बह गए हैं। एनडीआरएफ की दो टीमों को मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव में जुटी हुई है। पर्यटकों को बचाने के लिए 20-22 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई है। आसपास के गांव वाले लोग भी राहत बचाव में जुटे हुए हैं।
सीएम का बयान
इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मावल में पुल ढहने की घटना हुई है। मैंने डिविजनल कमिश्नर, तहसीलदार और पुलिस कमिश्नर से बात की है। कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। कुछ लोग फंसे भी हैं। NDRF की टीम वहां पहुंच रही है। पूरी जानकारी मिलने के बाद ही मैं इस बारे में जानकारी दूंगा। अभी प्रशासन लोगों को राहत पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहा है।"
Created On :   15 Jun 2025 5:20 PM IST