IND-PAK Ceasefire: सीजफायर के बाद 'सिंधु जल समझौते' का क्या होगा? सामने आई हैरान कर देने वाली जानकारी

- सीजफायर के बाद भी स्थगित रहेगा 'सिंधु जल समझौता'
- न्यूज एजेंसी एएनआई ने MEA के सूत्रों के हवाले से साझा की जानकारी
- पहलगाम हमले के बाद भारत ने लगाया था रोक
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत-पाक के बीच बीते कुछ दिनों से जारी तनाव अब थम चुका है। दोनों देशों के बीच सीजफायर की घोषणा हो चुकी है। इस बात की जानकारी सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर साझा की थी। वहीं, इसके कुछ समय के बाद भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस इसकी पुष्टी की। इसके बाद ये चर्चा तेज हो गई है कि आखिर सीजफायर के बाद सिंधु जल संधि का क्या होगा? क्या सीजफायर के बावजूद सिंधु जल संधि स्थगित ही रहेगा?
इस बीच सिंधु जल संधि को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सीजफायर लागू होने के महज कुछ घंटों बाद भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से जानकारी दी कि युद्धविराम के बावजूद सिंधु जल संधि स्थगित ही रहने वाला है। मिली जानकारी के मुताबिक, भारतीय विदेश मंत्रालय का कहना है कि सीजफायर के कोई शर्तें नहीं रखी गई हैं।
एएनआई ने भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से कहा, "पाकिस्तान की ओर से भारत से संपर्क करने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सहमति बन गई है। इसमें कोई पूर्व-शर्त या बाद की शर्तें नहीं हैं। सिंधु जल संधि स्थगित है। और अन्य सभी उपाय स्थगित हैं। आतंकवाद पर भारत की स्थिति वही है।"
जानकारी के लिए बता दें, बीते 22 अप्रैल को जम्मू के पर्यटक स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमलों के बाद भारत ने पाकिस्तान पर सख्त कार्रवाई करते हुए सिंधु जल समझौते को स्थगित कर दिया था। वहीं, इसके लगभग 15 दिनों के बाद भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमलों का बदला लेने के लिए ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित 9 आतंकि ठिकानों को निशाना बनाया और तबाह कर दिया था। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के कई हिस्सों पर लगातार हमले करने शुरु कर दिए थे। हालांकि, भारत ने अपने एस-400 डिफेंस सिस्टम की मदद से इन पाकिस्तानी हमलों को नाकाम कर दिया था।
Created On :   10 May 2025 8:01 PM IST