Pakistan-India Ship Collision: INS Kolkata से टक्कर के बाद पाकिस्तान के आरोपों पर भारत का पलटवार, समुद्री नियमों को लेकर क्या बोले?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तानी नौसेना का एक युद्धपोत PNS Hunain की उत्तर अरब सागर में भारतीय नौसेना के अग्रिम मोर्चे के पोत INS Kolkata से टक्कर हो गई थी। यह घटना 15 सितंबर, 2026 की शाम की बताई जा रही है। यह हादसा उस समय हुआ था, जब पाकिस्तानी जहाज तेज गति से भारतीय पोत के नजदीक आया था। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा ओमान से लगभग 220 किलोमीटर पूर्व अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुआ। यहां पर आईएनएस कोलकाता नियमित निगरानी अभियान पर था। इसको लेकर पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाए थे, जिन्हें भारत सरकार ने खारिज कर दिया है।
पाकिस्तान के विरोध पर क्या कहा?
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का कहना है कि उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान की टिप्पणी को खारिज कर दिया और कहा कि भारत के जरिए दर्ज कराए गए विरोध पर पाकिस्तान की तरफ से आया बयान अपेक्षित रूप से टालमटोल वाला था। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की ओर से भारत पर लगाए गए आरोपों और संकेतों को पूरी तरह से खारिज करता है।
उनका कहना है कि आईएनएस कोलकाता पश्चिमी अरब सागर में नियमित तैनाती पर था। इसी दौरान पाकिस्तानी नौसैनिक पोत Hunain समुद्र में गैर-पेशेवर तरीके से कार्रवाई करने लगा। इसके कारण दोनों पोतों की आपस में टक्कर हो गई।
ओवरटेक करने का प्रयास
रणधीर जायसवाल का कहना है कि PNS Hunain ने खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस वजह से अप्रैल, 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही के लिए अग्रिम जानकारी से संबंधित डील के अनुच्छेद 10 का गंभीर उल्लंघन होता है। इस समझौते के तहत समुद्र में नौसैनिक इकाइयों को एक-दूसरे से 3 नॉटिकल मील की दूरी बनाकर चलना होता है। उन्होंने आगे बताया कि इस टक्कर की वजह से पाकिस्तान ने समुद्र से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन भी किया है।
पाकिस्तान को दी सलाह
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पाकिस्तान को दोबारा सलाह दी है कि उसे सभी सैन्य पोतों को समुद्र में उचित सावधानी बरतने और दोनों देशों के बीच लागू संबंधित समझौते के नियमों का सम्मान करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की होने वाली घटनाओं से बचा जा सके।
Created On :   18 Sept 2026 11:36 PM IST













