Jagdish Devda Controversial Statement: विजय शाह के बाद MP के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का भारतीय सेना पर विवादित बयान, कहा- सेना और सैनिक PM मोदी के चरणों में नतमस्तक

- जगदीश देवड़ा ने दिया विवादित बयान
- कहा- सैनिक पीएम मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं
- कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के बाद एमपी के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भारतीय सेना पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पूरा देश, सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं। डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई। कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर है। कांग्रेस ने देवड़ा की सोच बेहद घटिया और शर्मनाक बताते हुए कहा कि भाजपा और देवड़ा को इस बयान के लिए मांफी मांगनी चाहिए।
आपको बता दें कि, जगदीश देवड़ा का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब मोहन यादव कैबिनेट के मंत्री विजय शाह ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। शाह ने हाल ही में भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी दी थी। इसके बाद एमपी हाई कोर्ट के आदेश के बाद उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई। एक ओर पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लगातार भारतीय सेना से मुलाकात कर रहे हैं, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की बधाई दे कर धन्यवाद अदा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर पार्टी के नेता इंडियन आर्मी पर विवादित बयान देने से बाज नहीं आ रहे।
एमपी के डिप्टी सीएम का बयान
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मन में बहुत क्रोध था कि जो पर्यटक गए थे, उनका धर्म पूछकर चुन-चुनकर मारा गया। महिलाओं को एक तरफ खड़ा करके, उनके सामने गोली मारी गई। बच्चों के सामने गोली मारी गई। उस दिन से पूरे देश के दिमाग में तनाव था कि जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा, जब तक उन लोगों को नहीं मारा जाएगा जिन्होंने माताओं के सिंदूर को मिटाने का काम किया, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे। उन्होंने आगे कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री जी को हम धन्यवाद देना चाहेंगे। पूरा देश, देश की सेना, सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहन की जाए, कम है।
'देवड़ा की सोच घटिया'
जगदीश देवड़ा के इस बयान पर कांग्रेस बरस पड़ी। पार्टी ने 'एक्स' पर पोस्ट शेयर कर बीजेपी और देवड़ा से मांफी मांगने को कहा है। पार्टी ने कहा, 'देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं'। यह बात मध्य प्रदेश की BJP सरकार के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कही है। जगदीश देवड़ा का यह बयान बेहद ही घटिया और शर्मनाक है। यह सेना के शौर्य और पराक्रम का अपमान है। जब पूरा देश आज सेना के सामने नतमस्तक है, उस वक़्त हमारी जांबाज सेना के लिए BJP के नेता अपनी घटिया सोच जाहिर कर रहे हैं। BJP और जगदीश देवड़ा को माफी मांगनी चाहिए। इन्हें पद से बर्खास्त करना चाहिए।
Created On :   16 May 2025 2:28 PM IST