MP Road Accident: झाबुआ में भीषण सड़क हादसा, शादी से लौट रही कार पर पलटा सीमेंट से भरा ट्रक, 9 की मौत

- झाबुआ में बड़ा सड़क हादसा
- इको कार पर पलटा ट्रक
- 9 की मौत, 2 बुरी तरह घायल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के झाबुआ में भयानक सड़क हादसा हो गया है। मेघनगर इलाके में मंगलवार-बुधवार की रात सीमेंट से लदा ट्रक इको कार के ऊपर पलट गया। इस हादसे में 9 लोगों की जान चली गई। वहीं, एक बच्चे और महिला बुरी तरह घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस फौरन दुर्घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल उनका इलाज सिविल अस्पताल थांदला में जारी है ताकि वह जल्द से जल्द स्वस्थ्य हो सकें। बता दें, कार में मौजूद लोग शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।
कार पर गिरा सीमेंट से भरा ट्रक
इको कार ( जीजे 09 बीएल 5956) में मौजूद 11 लोग ग्राम मानपुरा में शादी से लौट रहे थे। इस दौरान सजेली फाटक के पास सीमेंट से भरा ट्रक पलट गया, जिसमें 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि कार का नामो निशान मिट गया। दुर्घटना बीती रात करीब 2-3 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने दी अहम जानकारी
झाबुआ के पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ला ने हादसे से जुड़ी अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रक मेघनगर तहसील इलाके के अंतर्गत संजेली रेलवे क्रॉसिंग के पास एक अस्थायी सड़क से निर्माणाधीन रेल ओवर-ब्रिज (ROB) को पार कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह एक वैन पर पलट गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में मारे गए 9 लोगों में से 8 लोग शिवगढ़ महुड़ा निवासी थे। इनमें मुकेश खपेड़ (40), विनोद (16), पायल (12), मडीबाई (38), विजय (14), कान्ता (14), रागनी (9), शवलीबाई (35) शामिल हैं। वहीं, अकली (35) देवीगढ़ की बताई जा रही हैं। इसके अलावा देवीगढ़ की रहने वाली पायल परमार (19) और शिवगढ़ महुड़ा निवासी आशु बुरी तरह जख्मी बताए जा रहे हैं।
Created On :   4 Jun 2025 9:55 AM IST