बजट सत्र लाइव अपडेट: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बजट सत्र में अभिभाषण, सरकार की उपलब्धियों को बताया 10 साल की साधना का परिणाम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बजट सत्र में अभिभाषण, सरकार की उपलब्धियों को बताया  10 साल की साधना का परिणाम
  • आज बजट सत्र का आरंभ
  • नारी शक्ति के साक्षात्कार का पर्व
  • नारी शक्ति वंदन अधिनियम की सराहना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बजट सत्र के लिए राष्ट्रपति भवन से संसद के लिए रवाना हुई। बजट सत्र दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन के साथ शुरू होगा। मोदी सरकार के अंतिम बजट सत्र का नए संसद भवन में यह उनका पहला संबोधन होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बजट सत्र के लिए लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों के संयुक्त सत्र को संबोधन करने से पहले सदन में ऐतिहासिक स्वर्ण राजदंड सैंगोल का अनुष्ठान किया गया।

बजट सत्र से पहले पीएम मोदी ने कहा, "इस नए संसद भवन में जो पहला सत्र हुआ था उसके आखिर में इस संसद ने एक बहुत ही गरिमापूर्ण फैसला लिया था, जो नारी शक्ति वंदन अधिनियम था। उसके बाद 26 जनवरी को भी हमने देखा किस प्रकार से देश ने कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति के सामर्थ्य-शौर्य को अनुभव किया और आज बजट सत्र का आरंभ हो रहा है तब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मार्गदर्शन और कल निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट, एक प्रकार से नारी शक्ति के साक्षात्कार का पर्व है।

Live Updates

  • 31 Jan 2024 7:17 AM GMT

    जैसे को तैसा - हमारी सेनाएं दे रही जवाब

    आतंकवाद हो या विस्तारवाद, हमारी सेनाएं आज 'जैसे को तैसा' की नीति के साथ जवाब दे रही हैं। जम्मू कश्मीर में आज सुरक्षा का वातावरण है। आज वहां हड़ताल का सन्नाटा नहीं, भीड़भाड़ बाजार की चहल-पहल है। नॉर्थ-ईस्ट में अलगाववाद की घटनाओं में भारी कमी आई है।

  • 31 Jan 2024 6:17 AM GMT

    सामान्य भारतीय का बोझ नहीं बढ़ने दिया

    संसद में अपने अभिभाषण के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा बीते वर्षों में विश्व ने दो बड़े युद्ध देखे और कोरोना जैसी वैश्विक महामारी का सामना किया। ऐसे वैश्विक संकटों के बावजूद मेरी सरकार ने देश में महंगाई को काबू में रखा, सामान्य भारतीय का बोझ नहीं बढ़ने दिया। 

  • 31 Jan 2024 6:06 AM GMT

    रिकॉर्ड लेनदेन

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "आज दुनिया के कुल रियल टाइम डिजिटल लेनदेन का 46 प्रतिशत भारत में होता है। पिछले महीने UPI से रिकॉर्ड 1200 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए हैं। इसके तहत 18 लाख करोड़ रुपए का रिकॉर्ड लेनदेन हुआ है।

  • 31 Jan 2024 6:05 AM GMT

    ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा बीता साल

    बजट सत्र की शुरुआत में अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आगे कहा बीता वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। भारत सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था बना। लगातार दो तिमाही से भारत की विकास दर 7.5% से ज्यादा रही है। भारत को अपना सबसे बड़ा समुद्री पुल अटल सेतु मिला। भारत को अपनी पहली नमो भारत ट्रेन और पहली अमृत भारत ट्रेन मिली। भारत की एयरलाइन कंपनी ने दुनिया की सबसे बड़ी एयरक्राफ्ट डील की। 

  • 31 Jan 2024 6:03 AM GMT

    दुनिया में भारत की भूमिका बढ़ी

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने अभिभाषण में कहा हमारे संविधान के लागू होने का भी 75वां वर्ष है। बीता साल भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर झंडा फहराने वाला पहला देश बना। भारत में G20 की सफलता को पूरी दुनिया ने देखा।  मेरी सरकार ने लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी दी हैं। 

  • 31 Jan 2024 5:53 AM GMT

    मेरी सरकार के एक दशक में गरीबी हो रही बाहर

    बजट सत्र की शुरुआत में अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा हम सभी बचपन से गरीबी हटाओ के नारे सुनते आ रहे हैं लेकिन अब हम बड़े पैमाने पर गरीबी को दूर होते देख रहे हैं। नीति आयोग के अनुसार मेरी सरकार के एक दशक के कार्यकाल में लगभग 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं। 

     

  • 31 Jan 2024 5:50 AM GMT

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन

    बजट सत्र की शुरूआत में अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, अमृतकाल की शुरुआत में यह भवन बना है, यहां एक भारत, श्रेष्ठ भारत की महक भी है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस नए भवन में नीतियों पर सार्थक संवाद होगा। ऐसी नीतियां जो आज़ादी के अमृत काल में विकसित भारत का निर्माण करेंगी

Created On :   31 Jan 2024 5:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story