मौसम अलर्ट: शीतलहर की चपेट में देश के कई राज्य, राजधानी दिल्ली से लेकर मध्यप्रदेश तक लुढ़का पारा, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

शीतलहर की चपेट में देश के कई राज्य, राजधानी दिल्ली से लेकर मध्यप्रदेश तक लुढ़का पारा, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट
  • देश में बढ़ा ठंड का असर
  • वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदला मध्यप्रदेश का मौसम
  • मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत समेत देश के कई राज्य शीतलहर से ठिठुर रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, पंजाब से लेकर राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है। यहां के कई स्थानों पर न्यनतम तापमान 7 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। वहीं मौसम विभाग ने इस सप्ताह यूपी और एमपी के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसकी वजह से बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली में कोहरा

राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां बीते एक हफ्ते से शीतलहर चल रही है। जिस कारण रात और दिन का तापमान लुढ़क गया और ठंड काफी बढ़ गई है। इसके साथ ही यहां शाम और सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिलता है। जिस वजह से विजिबिलिटी घटकर 25 से 200 मीटर तक हो रही है। वहीं कोहरे के कारण जहां ट्रेनों और फ्लाइट्स की टाइमिंग पर असर पड़ रहा है वहीं सड़क पर लोगों को वाहन चलाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मध्यप्रदेश में हुई बारिश

सर्द हवाओं से कांप रहे मध्यप्रदेश के 27 जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं इस दौरान कई शहरों में कोहरे की घनी परत छाई रही। बात करें राजधानी भोपाल की तो यहां गुरुवार की रात हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में आने वाले 2-3 दिन में भी हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते प्रदेश का मौसम ऐसा बना हुआ है।

वहीं प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों की बात करें तो बीते 24 घंटे में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नौगांव, गुना, रतलाम और खजुराहो का तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। इन सभी स्थानों का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।

Created On :   4 Jan 2024 11:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story