मौसम अपडेट: मौसम में फिर से गड़बड़! 5 अप्रैल को तेज बारिश और बर्फबारी का दौर जारी, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अप्रैल महीने की शुरुआत हो चुकी है और अभी से ही मौसम में तरह-तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। महीने की शुरुआत में कहीं पर भारी बारिश हो रही है तो कहीं पर तेज आंधी और गरज-चमक देखने को मिल रहा है। मैदानी इलाकों में बारिश, गरज, चमक और ओलावृष्टि हो रही है तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के पुर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। ऐसे में चलिए आज के मौसम के बारे में जानते हैं।
दिल्ली में कैसा रहने वाला है मौसम?
दिल्ली के मौसम के बारे में जानें तो, यहां के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते दो-तीन दिनों में आंधी का असर देखने को मिलेगा। वहीं, 5 अप्रैल को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
उत्तर-पश्चिम में बदला मौसम का मिजाज
उत्तर-पश्चिम भारत में इन दिनों मौसम पूरी तरह बदल गया है। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में 5 अप्रैल को बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बीते दिन बारिश और आंधी का असर देखने को मिला। आज पूर्वी उत्तर प्रदेश में खास तौर पर बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है, ऐसे में लोगों को सावधानी से रहने की सलाह दी गई है।
मध्य और पूर्वी भारत में भी असर
मध्य भारत के राज्यों में भी अभी मौसम सामान्य देखने को नहीं मिल रहा है। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 4 अप्रैल को ओलावृष्टि और तेज आंधी देखी गई थी। 5 अप्रैल को भी यहां पूरी तरह साफ मौसम की उम्मीद नहीं है। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। पूर्वी भारत में भी मौसम एक्टिव बना हुआ है। वहीं, बिहार में 5 और 6 अप्रैल को बारिश की संभावना है।
पूर्वोत्तर में हो रही लगातार बारिश
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम बदला हुआ है। असम और मेघालय में 5 अप्रैल को बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का सिलसिला जारी है। अरुणाचल प्रदेश में 5 से 8 अप्रैल तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे कुछ इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है। वहीं, दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में 4 से 8 अप्रैल तक बारिश और गरज-चमक का असर बना रह सकता है। रायलसीमा में भी 5 से 8 अप्रैल के बीच मौसम खराब रह सकता है।
Created On :   5 April 2026 12:47 PM IST












