मौसम अपडेट: नौतपा में भी एमपी के मौसम में नहीं नजर आ रहा है खास बदलाव, प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने किया बारिश का अलर्ट जारी

- एमपी के मौसम में नहीं दिख रहा खास बदलाव
- नौतपा के दूसरे दिन भी बारिश की संभावना
- तापमान में दर्ज की जा रही गिरावट
डिजिटल डेस्क, भोपाल। 25 मई से नौतपा का आगाज हो गया था और आज इसका दूसरा दिन है। लेकिन आज भी मध्य प्रदेश के मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। प्रदेश में लगातार बारिश के आसार बने हुए हैं। साथ ही मौसम विभाग की तरफ से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बता दें, नौतपा के पहले दिन भी प्रदेश के एक भी जिले में 40 डिग्री सेल्सियस के पार तापमान दर्ज नहीं किया गया है। वहीं तापमान के बारे में जानें तो, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर के साथ प्रदेश के कई सारे जिलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सिर्फ खजुराहो में 40 डिग्री तापमान तक पारा पहुंचा था। इसके अलावा सोमवार को प्रदेश के करीब 46 जिलों में गरज, चमक और आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, आने वाले एक-दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
किन जिलों में बारिश का अलर्ट?
बात करें बारिश की तो, प्रदेश के 46 जिलों में मौसम विभाग की तरफ से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उसमें इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर के अलावा अन्य जिले शामिल हैं।
यह भी पढ़े -ऑपरेशन सिंदूर रहा सफल, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा विश्व हमारे साथ संजय सेठ
तापमान में क्यों आ रही है गिरावट?
प्रदेश के तापमान में गिरावट आने का सबसे बड़ा कारण बारिश है। प्रदेश में लगातार बीते कई दिनों से बारिश देखने को मिल रही है। इसलिए ही प्रदेश के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग की तरफ से आने वाले 4 दिनों तक मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिल रहा है। पचमढ़ी में सबसे कम पारा 29.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। वहीं, अन्य जिलों के तापमान के बारे में जानें तो, मलाजखंड में 30.6 डिग्री सेल्सियस, छिंदवाड़ा में 31 डिग्री सेल्सियस, बैतूल में 31.5 डिग्री सेल्सियस, सिवनी में 32 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 34.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 33.8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 38.5 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 35.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 34.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है।
यह भी पढ़े -भारत का आतंकवाद विरोधी संदेश देने कनिमोझी के नेतृत्व में स्लोवेनिया पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
नौतपा का पहला दिन कैसा रहा?
प्रदेश में इस बार नौतपा का पहला दिन भी काफी ज्यादा ठंडा रहा था। सिर्फ एक शहर खजुराहो में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था। वहीं, पिछले साल नौतपा के पहले दिन खरगोन, खंडवा, रतलाम, राजगढ़ में 45 डिग्री सेल्सियस या इससे भी ज्यादा तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, 35 शहरों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया था। इनमें देवास, शाजापुर, पृथ्वीपुर निवाड़ी, उज्जैन, टीकमगढ़, धार, शिवपुरी, ग्वालियर, सीहोर, दमोह, नरसिंहपुर, बड़वानी, इंदौर, रायसेन, सागर, सतना, नौगांव, मंडला, छिंदवाड़ा, उमरिया, सीधी, बैतूल, जबलपुर, रीवा, नर्मदापुरम भी शामिल हैं।
यह भी पढ़े -केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की जनता से अपील, 'राष्ट्र निर्माण और आर्थिक विकास के लिए रहें प्रतिबद्ध'
Created On :   26 May 2025 12:13 PM IST