मप्र के 4 हॉकी खिलाड़ियों की हादसे में मौत, जन्मदिन मनाकर लौटे थे (लीड-2)

4 hockey players of MP died in accident, returned after celebrating birthday (lead-2)
मप्र के 4 हॉकी खिलाड़ियों की हादसे में मौत, जन्मदिन मनाकर लौटे थे (लीड-2)
मप्र के 4 हॉकी खिलाड़ियों की हादसे में मौत, जन्मदिन मनाकर लौटे थे (लीड-2)

होशंगाबाद/भोपाल, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले में एक सड़क हादसे में चार हॉकी खिलाड़ियों की मौत हो गई है, वहीं तीन अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस हादसे पर शोक जताया है और घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है। ये सभी अपने एक साथी खिलाड़ी का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, होशंगाबाद में चल रहे ध्यानचंद हॉकी टूर्नामेंट में मैच खेलने जा रहे हॉकी खिलाड़ियों की स्विफ्ट डिजायर कार सोमवार सुबह होशंगाबाद-इटारसी मार्ग पर रैसलपुर के नजदीक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में चार हॉकी खिलाड़ियों शहनवाज खान (इंदौर), आदर्श हरदुआ (इटारसी), आशीष लाल (जबलपुर) और अनिकेत (ग्वालियर) की मौत हो गई, वहीं तीन खिलाड़ी घायल हुए हैं। मृत चारों खिलाड़ी, राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी थे।

घायलों का हाल जानने के बाद खेल व युवक कल्याण मंत्री जीतू पटवारी ने संवाददाताओं से कहा, ये खिलाड़ी एक साथी का जन्मदिन मनाने इटारसी गए थे और सभी वापस लौट रहे थे। इस दौरान यह हादसा हुआ।

सूत्रों का कहना है कि हॉकी टीम के सात खिलाड़ी अपने साथी आदर्श हरदुआ का जन्मदिन मनाने रविवार रात होशंगाबाद से इटारसी गए थे। उसके बाद सुबह वापस होशंगाबाद लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

मप्र हॉकी अकादमी के इन खिलाड़ियों को जन्मदिन मनाने होशंगाबाद से इटारसी जाने की अनुमति किसने दी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। खेल मंत्री पटवारी ने कहा है कि इसकी जांच कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है, होशंगाबाद में हाकी टूर्नामेंट में शामिल होने जा रहे हॉकी खिलाड़ियों के वाहन के साथ रैसलपुर गांव के पास दुर्घटना होने की खबर बेहद दुखद है। दुर्घटना में मृत खिलाड़ियों के परिवारों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना। घायलों का समुचित इलाज कराने व पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।

कमलनाथ ने अपने शोक संदेश में मप्र हॉकी अकादमी और प्रदेश के राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ियों की मृत्यु पर कहा, होनहार खिलाड़ी शाहनवाज खान, आदर्श हरदुआ, आशीष लाल और अनिकेत की दु:खद मृत्यु से मुझे गहरा आघात पहुंचा है। ये सभी खिलाड़ी मध्यप्रदेश का गौरव थे। इनसे न केवल प्रदेश को, बल्कि पूरे देश को बड़ी आशाएं थीं। इनके दु:खद निधन से हमने उभरते हुए प्रतिभावान खिलाड़ियों को खो दिया है। पूरा हॉकी जगत सदैव इनकी कमी महसूस करेगा।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत खिलाड़ियों की आत्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिवारजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

सरकार द्वारा खिलाड़ियों के कराए गए बीमा के तहत मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की राशि मिलने का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से भी दो-दो लाख रुपये की राशि मृत खिलाड़ियों के परिवार के लिए कमलनाथ ने स्वीकृत की है।

-- आईएएनएस

Created On :   14 Oct 2019 2:30 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story