दिल्ली और अमरोहा से 5 संदिग्ध गिरफ्तार, मिले ISIS के पर्चे और हथियार

दिल्ली और अमरोहा से 5 संदिग्ध गिरफ्तार, मिले ISIS के पर्चे और हथियार
हाईलाइट
  • एक हफ्ते के अंदर एनआईए की दूसरी बड़ी कार्रवाई
  • दिल्ली के जाफराबाद-सीलमपुर में मारा छापा
  • हिरासत में लिए लोगों से चल रही पूछताछ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अमरोहा में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने हफ्तेभर में दूसरी रेड की है। दोनों जगहों ने एनआईए ने 5 संदिग्धों को और हिरासत में लिया है। जांच एजेंसी ने दिल्ली के जाफराबाद और सीलमपुर में छापा मारा, जहां से कुछ हथियार और आईएसआईएस के पैम्फलेट भी बरामद किए गए हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।

एनआईए ने इससे पहले आतंकी संगठन हरकत-उल-हर्ब ए इस्लाम के 16 सदस्यों को हिरासत में लिया था, जिसमें से 10 को गिरफ्तार कर लिया गया था। ये आतंकी संगठन, ISIS जैसे मॉड्यूल से प्रेरित बताए गए थे। इस संगठन के सदस्य उत्तर भारत में सीरियल धमाकों की साजिश रच रहे थे। NIA को मिले इनपुट्स के आधार पर इन्हें गिरफ्तार किया गया था। सभी आरोपियों की उम्र 20 से 30 साल थी। गिरफ्तार आतंकी मुफ्ती सोहेल को इस ग्रुप का सरगना बताया गया था, आरोपियों में कुछ लोग इंजीनियर भी थे।

बता दें कि एनआईए के आईजी आलोक मित्तल ने बताया कि इनपुट के आधार पर दिल्ली के सीलमपुर और यूपी के अमरोहा, हापुर, मेरठ, लखनऊ समेत 17 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया था, जिसमें खुलासा हुआ कि ISIS से प्रेरित संगठन हरकत-उल-हर्ब ए इस्लाम उत्तर भारत में सीरियल धमाके करने का साजिश रच रहा था, जो कि एडवांस स्टेज में थी। NIA ने इन जगहों से बड़ी मात्रा विस्फोटक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था, जिसमें कंट्री मेड रॉकेट लॉन्चर भी शामिल था। इसके अलावा 100 मोबाइल फोन, 135 सिम कार्ड, 120 अलार्म घड़ियां, मेमोरी कार्ड और लैपटॉप जब्त किए गए थे। NIA ने जिन 10 लोगों को अरेस्ट किया था, उनमें से 5 को उत्तर प्रदेश के अमरोहा से अरेस्ट किया गया था। UP एंटी टेररिस्ट स्कवॉड और NIA जॉइंट ऑपरेशन चलाकर इन्हें पकड़ा था। जबकि 5 अन्य को नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से हिरासत में लिया गया था।

Created On :   31 Dec 2018 8:43 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story