BJP : जेपी नड्डा ने संभाली दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की कमान, बीजेपी के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनें

BJP : जेपी नड्डा ने संभाली दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की कमान, बीजेपी के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनें
हाईलाइट
  • जेपी नड्डा बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
  • निर्विरोध चुने गए जेपी नड्डा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जेपी नड्डा को नया अध्यक्ष चुन लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधामोहन सिंह ने नड्डा के अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर आज(सोमवार) नामांकन दाखिल किया गया था। नामांकन दाखिल करने का आखिरी समय 12.30 बजे तक था। जेपी नड्डा को छोड़कर किसी ने भी नामांकन नहीं भरा।

नड्डा भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय से पार्टी की पसंद थे। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में अमित शाह की नेतृत्व में बीजेपी ने सरकार बनाई। फिर विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी शाह की अगुवाई में पार्टी ने जीत हासिल की। अमित शाह को बीजेपी का चाणक्य कहा जाता है। ऐसे में नड्डा के सामने चुनौती होगी कि वह शाह की तरह पार्टी को आगे ले जाएं। 

यूपी में किया अच्छा प्रदर्शन
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में अमित शाह के गृहमंत्री बनने के बाद पार्टी अध्यक्ष पद की कवायद शुरू हो गई थी। नड्डा को गत वर्ष जुलाई में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। 2019 के लोकसभा चुनाव में जेपी नड्डा यूपी के चुनाव अभियान के प्रभारी थे। जहां बीजेपी ने बसपा-सपा गठबंधन के बावजूद 80 में से 62 सीटों पर जीत हासिल की। 

ऐसा है जेपी नड्डा का राजनीतिक करियर
जेपी नड्डा का जन्म बिहार की राजधानी पटना में 2 दिसंबर को 1960 को हुआ था। नड्डा ने पटना यूनिवर्सिटी से बीए की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश से एलएलबी की। नड्डा, जय प्रकाश नारायण से काफी प्रभावित थे। जेपी नड्डा के नेतृत्व में एबीवीपी ने 1984 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में वामपंथी छात्र संगठन को हराया और छात्र संघ के अध्यक्ष बने। 1991 में वह बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने। 1993 में हिमाचल प्रदेश से विधायक बने। 1998 में स्वास्थ्य और संसदीय मामलों के मंत्री बने। 2010 में पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया। 2012 में जेपी नड्डा राज्यसभा सांसद बने। साल 2014 में पार्टी ने संसदीय समिति का सचिव नियुक्त किया। 2014 में पीएम मोदी ने उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व सौंपा। 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तरप्रदेश का प्रभार मिला और पार्टी को बड़ी जीत दिलाई। 

भाजपा के अबतक के राष्ट्रीय अध्यक्ष
- अटल बिहारी वाजपेयी (1980-1986)
- लालकृष्ण आडवाणी (1986-1991)
- मुरली मनोहर जोशी (1991-1993)
- लालकृष्ण आडवाणी (1993-1998)
- कुशाभाऊ ठाकरे (1998-2000)
- बंगारू लक्ष्मण (2000-2001)
- जन कृष्णमूर्ति (2001-2002)
- वेंकैया नायडू (2002-2004)
- लालकृष्ण आडवाणी (2004-2005)
- राजनाथ सिंह (2005-2009)
- नितिन गडकरी (2009-2013)
- राजनाथ सिंह (2013-2014)
- अमित शाह (2014-2020)
- जेपी नड्डा (20 जनवरी 2020 से पदस्थ)

 

 

Created On :   20 Jan 2020 3:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story