मंच पर बेहोश हुए नितिन गडकरी, अब साईंबाबा के दर्शन कर नागपुर लौटे

Central Minister Nitin gadkari got unconscious on stage in Ahmednagar
मंच पर बेहोश हुए नितिन गडकरी, अब साईंबाबा के दर्शन कर नागपुर लौटे
मंच पर बेहोश हुए नितिन गडकरी, अब साईंबाबा के दर्शन कर नागपुर लौटे
हाईलाइट
  • अहमदनगर में एक कार्यक्रम के दौरान तबीयत बिगड़ी
  • राज्यपाल विद्यासागर राव ने गडकरी को संभाला
  • स्टेज पर बेहोश हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

डिजिटल डेस्क, अहमदनगर। महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक कार्यक्रम में पहुंचे  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके चलते गडकरी स्टेज पर ही बेहोश हो गए। मंच पर राज्यपाल विद्यासागर राव भी मौजूद थे। राव ने उन्हें मंच पर संभाला, इसके बाद नितिन गडकरी को अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि शुगर कम होने के कारण गडकरी को चक्कर आए। फिलहाल गडकरी नागपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

राष्ट्रगान के दौरान आए चक्कर
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अहमदनगर में महात्मा फुले कृषि यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान गडकरी राष्ट्रगान के लिए खड़े हुए तभी वह अचानक बेहोश हो गए। फिलहाल उनकी तबीयत अच्छी है।

गडकरी ने ट्वीट करके दी जानकारी
हालत में सुधार होने के बाद नितिन गडकरी ने खुद ट्वीट कर अपनी तबीयत की जानकारी दी। गडकरी ने बताया, "लो शुगर के कारण तबीयत थोड़ी खराब हो गई। डॉक्टरों ने जांच की है और मैं अब ठीक हूं। आप सभी की शुभकामनाओं के लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं।"

बता दें कि गेस्ट हाउस में थोड़ी देर आराम करने के बाद गडकरी हेलीकॉप्टर में सवार होकर शिरडी के विश्व प्रसिद्ध श्री साईंबाबा समाधि मंदिर के दर्शन के लिए गए और बाद में निजी उड़ान से अपने गृह नगर नागपुर के लिए रवाना हो गए।

पहले भी बिगड़ चुकी है तबीयत
इससे पहले भी कई बार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तबीयत बिगड़ चुकी है। इससे पहले भी एक रैली के दौरान उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आई थी। नितिन गडकरी भारत सरकार में सड़क परिवहन मंत्री हैं। इसके साथ ही गडकरी पर गंगा सफाई मंत्रालय का जिम्मा भी है। गडकरी ने कुछ साल पहले ही वजन घटाने के लिए ऑपरेशन भी करवाया था। नितिन गडकरी भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं, अभी नागपुर से सांसद भी हैं। गडकरी का नाम देश के ताकतवर राजनेताओं में शुमार है।
 

 

 

Created On :   7 Dec 2018 8:11 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story