गांधी के पुतले पर गोली चलाने से कांग्रेस खफा, सोमवार को देशभर में प्रदर्शन

गांधी के पुतले पर गोली चलाने से कांग्रेस खफा, सोमवार को देशभर में प्रदर्शन
हाईलाइट
  • गोली मारने के बाद जला दिया था गांधी जी का पुतला
  • देशभर में कांग्रेस मुख्यालयों पर होगा प्रदर्शन
  • महात्मा गांधी की 71वीं पुण्यतिथि पर मारी थी गोली

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महात्मा गांधी के अपमान के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने देशभर में प्रदर्शन करने की योजना बनाई है। सोमवार सुबह 10 बजे से कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालयों में प्रदर्शन कर घटना के प्रति अपना गुस्सा जाहिर करेंगे। बता दें कि अखिल भारत हिंदू महासभा नामक संगठन के दर्जन भर कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के पुतले पर गोली चलाकर उसे दहन कर दिया था।

दरअसल, महात्मा गांधी को गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, ये वीडियो अलीगढ़ के नौरंगाबाद का था, जिसमें हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय नामक महिला ने एयर पिस्टल से गांधी के पुतले पर गोली चलाई थी। आरोपियों ने ये कृत्य 30 जनवरी को महात्मा गांधी की 71वीं पुण्यतिथि पर किया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर 13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी पूजा शकुन पांडेय अब भी गिरफ्त से बाहर है।

नोट पर गांधी जी का फोटो होने पर उठाए सवाल
भले ही पुलिस पूजा शकुन पांडेय को नहीं ढूंढ पा रही है, लेकिन, उन्होंने मीडिया के सामने आकर इस मामले पर सफाई दी है। उन्होंने कहा, "क्या देश को आजादी दिलाने के लिये सिर्फ बापू जिम्मेदार हैं?, मैं गांधी को नहीं मानती हूं। नोट पर गांधीजी की फोटो छापे जाने का विरोध करते हुए पूजा ने कहा कि अगर गांधीगीरी से ही देश चल रहा है तो सैनिकों के हाथों में चरखा थमा दिया जाना चाहिए।

 

 

 

Created On :   3 Feb 2019 8:32 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story