Corona Virus: दिल्ली में पहली और देश में दूसरी मौत, RML हॉस्पिटल में 68 साल की महिला ने दम तोड़ा, 12 राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद

Corona Virus: दिल्ली में पहली और देश में दूसरी मौत, RML हॉस्पिटल में 68 साल की महिला ने दम तोड़ा, 12 राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद
हाईलाइट
  • सरकार ने सैनिटाइजर और मास्क को जरूरी चीजों की लिस्ट में डाला
  • भारत में अब तक कोरोना वायरस की चपेट में 81 लोग आ चुके हैं
  • मप्र सहित 11 राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद
  • सुप्रीम कोर्ट में अब सिर्फ अर्जेंट हियरिंग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोरोना वायरस का कहर अब भारत में भी बढ़ता जा रहा है। इस जानलेवा वायरस के कारण शुक्रवार को दिल्ली में 65 साल की महिला की मौत होने की पुष्टि हुई है। भारत में कोरोना वायरस के कारण यह दूसरी मौत है। इससे पहले गुरुवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में वृद्ध की मौत हो गई थी। बता दें कि महिला उसके बेटे के संपर्क में आने के बाद कोरोना वायरस से पीड़ित हो गई थी। उसका 46 साल का बेटा जापान, जिनेवा और इटली से होकर दिल्ली लौटा था। बुधवार को ही बेटे की कोरोना से पीड़ित होने की रिपोर्ट आई थी। मां और बेटे का इलाज राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल (RML) में चल रहा था। मां को छोड़कर परिवार के 8 लोग वायरस की चपेट में आने से बच गए थे। इस घर के आसपास के 50 घरों की भी जांच की जा चुकी है। वहीं चिकित्सकों के अनुसार महिला की मौत को-मोरबीडीटी (मधुमेह और उच्च रक्तचाप) के कारण हुई है। COVID-19 के लिए भी उनका टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था।

देश में अब तक 82 सं​क्रमित, इनमें से 64 भारतीय
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि भारत में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या शुक्रवार को 82 पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक देश में कोरोना वायरस के 82 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें केरल के वह 3 लोग भी हैं, जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से 7 अन्य लोग भी ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पुष्टि किए गए मामलों में 64 भारतीय, 16 इतालवी और एक कनाडाई नागरिक हैं। इन लोगों के संपर्क में आए अन्य लोगों को भी तलाश कर उनकी जांच की जा रही है। अब तक इस प्रक्रिया में 4,000 से अधिक ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जो कि संक्रमण से ग्रस्त लोगों के संपर्क में आए थे। अब इन लोगों को भी निगरानी में रखा गया है।

सरकार ने अब तक ये किया
अग्रवाल ने कहा कि प्रमुख और छोटे बंदरगाह पर कुल 25,504 यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इसके अलावा लैंडपोर्ट पर 14 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग हुई है। भारत सरकार ने सामुदायिक निगरानी के तहत कम से कम 42,296 यात्रियों की जांच की है, जिनमें से 2,559 लोगों में संक्रमण के लक्षण मिले और 522 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें 17 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इसके अलावा 30 हवाईअड्डों पर कुल 10,876 उड़ानों से कम से कम 11,71,061 यात्रियों की जांच की जा चुकी है। संयुक्त सचिव ने यह भी कहा कि 3,062 यात्रियों और 583 संपर्क में आए लोगों की पहचान की गई। सरकार ने कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित चीन, ईरान और जापान जैसे देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने का भी काम किया है। अग्रवाल ने कहा कि अब तक ईरान से 1,199 नमूनों को एकत्र किया गया है और परीक्षण के लिए भारत लाया गया है। सरकार ने स्वास्थ्य मंत्रालय के चार डॉक्टरों की एक टीम रोम भेज दी है। टीम के पास भारतीयों के नमूने एकत्र करने के लिए पर्याप्त सामग्री भी उपलब्ध है।

राज्यों में कोरोना वायरस की स्थिति

मध्यप्रदेश: मप्र सरकार ने सभी निजी और सरकारी स्कूल-कालेजों, यूनिवर्सिटी को बंद कर दिया गया है। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक, 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं तय समय और तिथि पर ही होंगी। इसके अलावा 15 मार्च से भोपाल के ऐशबाग, ध्यानचंद स्टेडियम और साई सेंटर पर होने वाले नेशनल हॉकी टूर्नामेंट को भी टाल दिया गया है। 31 मार्च तक सिनेमा घर भी बंद कर दिए गए हैं।

महाराष्ट्र: राज्य में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। नागपुर में भी मरीजों की संख्या 4 तक पहुंच गई है। जबकि पुणे में सबसे ज्यादा 10 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई में तीन और ठाणे में एक व्यक्ति को कोरोना पीड़ित पाया गया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। सरकार ने स्कूलों में मास्क बांटने और सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने का ऐलान किया। इस बीच राज्य सरकार ने नागपुर, पुणे, पिंपरी चिंचवड, मुंबई, नई मुंबई और ठाणे शहरों में सिनेमाघर, नाट्यगृह, व्यायाम शाला और स्विमिंग पूल 30 मार्च तक बंद करने का फैसला लिया है। ठाकरे ने कहा कि चीन के वुहान शहर में सब कुछ बंद कर दिया इसके चलते बीमारी में कमी आ रही है। इसके अलावा पुणे और पिंपरी चिंचवड में 10वीं 12वीं की परीक्षा के अलावा बाकी स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। स्कूलों की परीक्षा को लेकर जल्द ही फैसला किया जाएगा।  

उत्तरखंड: यहां भी सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी होटलों को एडवाइजरी जारी कर विदेशियों को ठहराने से पहले सभी ऐहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

ओडिशा: यहां 31 मार्च तक राज्य में सभी स्कूल बंद रहेंगे। सिर्फ परीक्षा के लिए स्कूल खोलने की छूट रहेगी। सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पुल और जिम भी बंद रहेंगे। गैर-जरूरी सेमिनार, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस भी 31 मार्च तक नहीं होंगे। धार्मिक कार्यक्रमों, शादी, रिसेप्शन और पार्टी स्थानीय अधिकारियों की देखरेख में होंगे। विधानसभा की कार्यवाही 29 मार्च तक स्थगित।

हरियाणा: सरकार ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया है। रोहतक में कोर्ट ने प्राइमरी स्कूलों में 2 हफ्ते की छुट्‌टी के आदेश। 

दिल्ली: केजरीवाल सरकार ने कोरोना को महामारी घोषित किया। यहां 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। खेल से जुड़े सभी कार्यक्रम रद्द किए गए हैं। जवाहरलाल नेहरू और जामिया यूनिवर्सिटी ने 31 मार्च तक सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। परीक्षाएं, लेक्चर, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और वर्कशॉप रद्द कर दिए हैं। राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। 

उत्तरप्रदेश: सरकार ने 22 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर परीक्षाएं चल रही हैं तो स्कूल बंद नहीं होंगे। अभी तक उत्तरप्रदेश में संक्रमण के 11 मामले सामने आ चुके हैं।

बिहार: सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। सरकारी स्कूलों के बंद रहने तक इनमें पढ़ने वाले बच्चों के मिड-डे- मील के पैसे उनके बैंक खाते में आएंगे। 22 मार्च को बिहार दिवस पर होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द किए गए।

जम्मू-कश्मीर: स्पोर्ट्स काउंसिल ने 31 मार्च तक सभी खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी है। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्‌टी रद्द कर दी है, जिससे मेडिकल सेवाएं बाधित नहीं हो। जम्मू के सभी शॉपिंग मॉल, जिम, स्विमिंग पूल, मनोरंजक क्लब तत्काल प्रभाव से बंद रहेंगे। 

मणिपुर: स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद किए गए हैं। यहां शुक्रवार को होने वाला गृह मंत्री अमित शाह का दौरा भी रद्द किया गया। मणिपुर में म्यांमार सीमा से होने वाले व्यापार भी फिलहाल रोक लगा दी गई है।

केरल: सरकार ने विधानसभा की कार्यवाही 8 अप्रैल तक स्थगित की। एडवाजयरी जारी की गई।

कर्नाटक: मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सभी मॉल, सिनेमा हॉल, पब, शादी समारोह और बड़े पैमान पर होने वाले गतिविधियों पर अगले एक सप्ताह तक रोक लगा दी है। राज्य में संक्रमण से पहली मौत हुई है। यहां मंगलवार को एक 76 वर्षीय संदिग्ध की मौत हो गई थी। गुरुवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोनावायरस पॉजिटिव बताया गया।

पंजाब: अटारी-वाघा बॉर्डर से आने वालों पर भी रोक लग गई। इनमें पाकिस्तानी नागरिकों के अलावा अफगानिस्तान से माल लेकर आने वाले ट्रक ड्राइवर भी शामिल रहेंगे। यहां भी स्कूल-कॉलेज और सरकारी ऑफिसों को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। विदेश से लौटे दो आईएएस और दो आईपीएस अधिकारियों को 14 दिन तक अपने घरों में रहने के आदेश दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़: सरकार ने 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद किए। यहां दिल्ली से लौटी दो छात्राओं को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। हालांकि, इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।


 

Created On :   13 March 2020 5:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story