Coronavirus: देश में एक दिन में सबसे ज्यादा 573 नए कोरोना पॉजिटिव मिले

Coronavirus Live Update in India
Coronavirus: देश में एक दिन में सबसे ज्यादा 573 नए कोरोना पॉजिटिव मिले
Coronavirus: देश में एक दिन में सबसे ज्यादा 573 नए कोरोना पॉजिटिव मिले

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप हर दिन लगातार बढ़ रहा है। यहां बीते 24 घंटों में 573 नए कोविड-19 पॉजिटिव केस मिले हैं। वहीं 12 लोगों ने शुक्रवार को संक्रमण की वजह से दम तोड़ा। covid19india.org वेबसाइट के अनुसार यहां देश में 3108 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से 86 लोगों की मौत हुई है, जबकि 229 लोग स्वस्थ्य हुए हैं। वहीं 2793 लोगों का अब भी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देशभर में कोविड-19 (COVID-19) संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2 हजार 547 हो गई है।इनमें से 2 हजार 322 का इलाज चल रहा है। 162 ठीक हो चुके हैं और 62 की मौत हो चुकी है। इधर, इस वायरस से लड़ने के लिए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को राज्यों को 11 हजार 92 करोड़ की मदद को मंजूरी दी।

देश में पहली बार एक दिन में 500 से ज्यादा लोग संक्रमित
देश में शुक्रवार को कोरोनावायरस संक्रमण के 573 नए मामले सामने आए। यह देश में एक दिन में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है।इससे पहले गुरुवार को देशभर में 486 पॉजिटिव मरीज मिले थे। इससे एक दिन पहले बुधवार को देश में इस संक्रमण के 424 मामले सामने आए थे। शुक्रवार को तमिलनाडु में 102, दिल्ली में 93, तेलंगाना में 75, महाराष्ट्र में 67, उत्तरप्रदेश में 44, राजस्थान में 35, मध्यप्रदेश में 34, आंध्रप्रदेश में 12, केरल में 9, हरियाणा में 9, गुजरात में 7, जम्मू-कश्मीर में 5, कर्नाटक में 4 नए मरीज मिले। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 3 हजार 112 हो गई है। 

देश में अब तक 86 लोगों की मौत
देश में कोरोनावायरस से मौतों की संख्या 86 हो गई है। कोरोना वायरस के कारण शुक्रवार को देशभर में 12 लोगों की जान गई। महाराष्ट्र में 6 लोगों की मौत हुई, राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 26 हो गई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 55 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वे डायबिटीज और हार्ट के पैशेंट थे। उन्हें 17 मार्च को दिल्ली से लौटे बेटे के कारण कोरोना संक्रमण हुआ था। बेटे का इलाज किया जा रहा है। आंध्र में कोरोना से मौत का यह पहला मामला है। इसके अलावा गुजरात के गोधरा में 78 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ा दिया। दिल्ली और तेलंगाना में भी 2-2 लोगों ने दम तोड़ दिया। कोरोना संक्रमण से गुरुवार को देश में 10 मौतें हुई थीं। इनमें महाराष्ट्र में 4, मध्यप्रदेश में 2, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और राजस्थान में एक-एक मौत शामिल हैं।

WHO ने भारत को दिए करीम 7600 करोड़
कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में वर्ल्ड बैंक ने भारत को 1 बिलियन डॉलर (करीब 7600 करोड़) की आपात मदद को मंजूरी दी है। इस फंड के जरिए कोविड-19 के मरीजों की बेहतर स्क्रीनिंग, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और डायग्नोस्टिक्स में मदद मिलेगी। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की खरीदी और आइसोलेशन वार्ड बनाने में भी सुविधा होगी।

केंद्र ने तब्लीगी जमात के 960 विदेशी सदस्यों को ब्लैक लिस्ट किया
उधर, केंद्र ने तब्लीगी जमात के 960 विदेशी सदस्यों को ब्लैक लिस्ट कर उनके वीजा रद्द कर दिए हैं। इनमें 379 इंडोनेशियाई, 110 बांग्लादेशी, 9 ब्रिटिश, 4 अमेरिकी, 6 चीनी और 3 फ्रेंच नागरिक हैं। इस बीच, उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने फैसला लिया है कि ड्यूटी कर रही पुलिस पर हमला करने वालों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री की अपील- 5 अप्रैल को रात 9 बजे 9 मिनट पर घर की लाइट बंद कर मोमबत्ती और दीया जलाएं
लॉकडाउन के बीच जनता का हौसला बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो संदेश के जरिए एक बार फिर अपील की। उन्होंने कहा कि 5 अप्रैल को रात 9 बजे घर की सभी लाइटें बंद करके, घर के दरवाजे पर या बालकनी में खड़े रहकर 9 मिनट के लिए मोमबत्ती, दीया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाएं।

Coronavirus LIVE Updates: 

महाराष्ट्र में 6 की मौत, 67 नए संक्रमित
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्याशुक्रवार को 490 तक पहुंच गई है। राज्य में 67 नए मरीज मिले हैं, जबकि 6 और कोरोना मरीजों की मौत हो गई। महाराष्ट्र में मृतकों का आंकड़ा बढ़ कर 26 हो गया है। मृतको में वसई-विरार, बदलापुर, जलगांव पुणे के एक-एक मरीज शामिल हैं जबकि दो मरीज मुंबई के हैं। गुरुवार को महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 423थी।इस बीच शुक्रवार को 67 रोगियों को स्वस्थ्य होने पर अस्पताल से घर भेजा गया।

कर्नाटकः यहां कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 128 हुई
राज्यमंत्री एस सुरेश कुमार ने बताया कि दिल्ली के तब्लीगी जमात कार्यक्रम में 13 लोगों ने भाग लिया था, जिनका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है और 187 लोगों का टेस्ट नेगेटिव आया है। वहीं, 88 लोगों की रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। इसके साथ ही कुल 128 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

यूपी में कोरोना के 48 नए केस
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 48 नए केस सामने आए हैं. यहां पर कोरोना के अब तक 174 मरीज हो चुके हैं, जिसमें से 50 नोएडा के हैं।

राजस्थान में 33 नए मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस के 33 नए मामले सामने आए हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि तब्लीगी जमात के कारण राज्य में कोरोना मामलों की कुल संख्या बढ़कर 166 हो गई, जिसमें 29 वो लोग हैं, इस जमात में शामिल हुए थे।

केरन में 9 पॉजिटिव मिले, कुल 295 संक्रमित
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया कि गुरुवार को राज्य में कोरोना से संक्रमित 9 लोगों की पुष्टि हुई है। इनमें कसारगोड से 7 और कन्नूर व त्रिशूर से एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 3 लोग तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे। प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 295 हो गई है। इनमें से 206 लोगों ने विदेश की यात्री की थी और सात विदेशी नागरिक हैं, जबकि 14 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। 

तमिलनाडु में आज 102 पॉजिटिव मामले सामने आए
राज्य स्वास्थ्य सुरक्षा अधिकारी बीला राजेश ने बताया कि तमिलनाडु में शुक्रवार को 102 नए पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 100 लोग तब्लीगी जमात कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी के साथ राज्य में कुल कोरोना से संक्रमित मामलों की संख्या 411 हो गई है, उनमें से 364 लोगों ने दिल्ली के तब्लीगी जमात कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कुल 1200 लोग जमात कार्यक्रम में शामिल हुए थे, उन लोगों का पता लगा लिया गया है। सभी को क्वारैंटाइन किया गया है। 

हरियाणाः हर परिवार को 70 किलो राशन मिलेगा
अंत्योदय योजना के तहत हर परिवार को 70 किलो राशन मिलेगा। गरीबी रेखा से नीचे वाले परिवारों को अतिरिक्त चीनी और सरसों के तेल के साथ प्रति व्यक्ति 10 किलो राशन मिलेगा। इस महीने राशन दोगुना मिलेगा और पांच अप्रैल से पहले हर घर तक पहुंच जाएगा: 

असम: 4 और पॉजिटिव मिले 
असम में 4 और लोग #COVID19 से संक्रमित पाए गए। इनमें से 3 नलबाड़ी से हैं और 1 दक्षिण सलमारा से है। ये सभी दिल्ली के निज़ामुद्दीन मरकज़ से जुड़े हुए हैं: असम मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा

तबलीकी जमात के कारण पिछले 2 दिन में 647 नए मामले सामने आए: स्वास्थ्य मंत्रालय
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली के निजामुद्दीन में मरकज के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में जाने वाले तब्लीगी जमातों ने दिक्कतें बढ़ाई हैं। उन्होंने कहा कि तब्लीगी जमात के लोगों की वजह से पिछले 2 दिन में 14 राज्यों में 647 मामले सामने आए हैं। इन राज्यों में असम, दिल्ली, हिमाचल, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तराखंड, यूपी और अंडमान और निकोबार शामिल हैं। इस एक गलती के कारण देश में संक्रमण बढ़ गया है। संयुक्त सचिव ने कहा कि लोगों को यह समझना होगा कि एक गलती की वजह से सारी कोशिशें फेल हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि हमने राज्यों से कहा है कि डॉक्टरों और नर्सों पर हमला करने वालों से सख्ती से निपटें। मंत्रालय ने आरोग्य ऐप जारी किया है और लोगों के अपील की है कि इसके जरिए संदिग्धों पहचान करें।

  • महाराष्ट्र में लॉकडाउन के बीच राहुल तरुण मित्र मंडल असोसिएशन ने मुंबई में फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले 250 से अधिक प्रवासी कामगारों को भोजन वितरित किया।
  • राजस्थान में कोरोना से कुल 161 मामले इनमें से 24 तबिलागी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे और 21 ईरान से लौटे शामिल हैं।
  • सुप्रीम कोर्ट के अधिकारियों ने मिलकर कोरोना से लड़ने के लिए पीएम केयर्स फंड में 1,00,61,989 रुपये दान किए।

उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना से लड़ने के लिए कोविड-19 रिलीफ फंड
टेस्टिंग लैब बढ़ाने, मास्क, वेंटिलेटर और सेनिटाइजर आदि की खरीदारी के लिए यूपी की योगी सरकार 1000 करोड़ रुपये का फंड बनाएगी। सभी 24 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में टेस्टिंग की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के प्रयास भी किए जाएंगे।

  • दिल्ली के वसंत कुंज में एक 30 साल के बेटे ने पुलिस से अपने पिता की शिकायत की और कहा,वह लॉकडाउन के बावजूद बार-बार बाहर जाते हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
  • मध्य प्रदेश में पुलिस और मेडिकल स्टाफ एक दूसरे का ऐसे सम्मान करता दिखा। इससे पहले गुरुवार को इंदौर में मेडिकल टीम पर हमला हुआ था।
  • दिल्ली में बाटला हाउस और जामिया नगर की मस्जिदें नमाज के लिए बंद हैं।
  • तबलीगी जमात की मरकज में किस देश से कितने विदेशी आए थे इसकी एक अस्थाई लिस्ट
  • गौतम बुद्ध नगर में पिछले 24 घंटे में कोरोना का कोई नया केस नहीं आया है। अब तक यहां 48 केस सामने आ चुके हैं, इनमें से 6 ठीक हुए।
  • निज़ामुद्दीन और उसके आसपास के इलाकों के सेनिटाइजेशन का काम
  • उत्तर प्रदेश में अबतक 172 नए केस आए हैं। इनमें से 42 तबलीगी जमात कार्यक्रम में पहुंचे थे।
  • कर्नाटक में अब तक कोरोना के 125 मामले, इसमें से 3 की मौत, 11 लोग डिस्चार्ज हुए।
  • ओडिशा सरकार शुक्रवार रात 8 बजे से 48 घंटे के लिए भुवनेश्वर और भद्रक को पूरी तरह बंद करेगी, सिर्फ कुछ दवाइयों की दुकान खुलीं रहेगी। 
  • हरियाणा में 8 नए केस। इसमें से 5 गुरुग्राम और 3 नूह के हैं। राज्य में अब तक 43 मामले सामने आए। इनमें से 13 ठीक हुए।
  • कोरोना संकट पर पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए खेल जगत की 40 बड़ी हस्तियों से की बात। इसमें सौरभ गांगुली, सचिन तेंडुलकर, पीवी सिंधू, हिमा दास भी शामिल।
  • आंध्र प्रदेश में कोरोना के 12 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अबतक कुल 161 केस।
  • कोरोना संकट पर दिल्ली में बैठक। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई मंत्री शामिल।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में 2183 कोरोना पॉजिटिव मामले। 
  • यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के विभिन्न हिस्सों के पेंशनरों के साथ बातचीत की।
  • कोरोना वायरस को कैसे रोका जाए इस मुद्दे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल, उपराज्यपाल एवं प्रशासकों से चर्चा की।
  • भुवनेश्वरः ओडिशा का पहला कोरोना मरीज ठीक हुआ, शुक्रवार को उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2301 है। इसमें से 156 ठीक हुए हैं जबकि 56 की मौत हो गई।
  • दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल का जायजा लेगे पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन। डॉक्टरों से बात करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, देश को आपके योगदान, बलिदान पर हमेशा गर्व रहेगा।
  • आंध्र प्रदेश में कोरोना के एक मरीज को मरीज को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। यह विदेश से भारत आया था।

झारखण्ड में कोरोना मरीजों की संख्या 2 हुई
झारखंड में कोरोना वायरस का दूसरा मामला सामने आया है। हजारीबाग के विष्णुगढ़ इलाके के एक गांव के मजदूर की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी है। रांची के रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने इसकी पुष्टि भी कर दी है। जिस मजदूर में कोरोना पाया गया ह, वो पश्चिम बंगाल के आसनसोल में मजदूरी का काम करता था। तबीयत खराब होने के बाद वह आसनसोल से पैदल चलकर 29 मार्च को विष्णुगढ़ पहुंचा था। उसे क्वारेंटाइन में रखते हुए सैंपल रिम्स भेजा गया था, जहां से पॉजिटिव रिपोर्ट आयी है। मजदूर हजारीबाग से 20 किलोमीटर दूर एक गांव करगालों का रहने वाला है। मजदूर की उम्र 52 वर्ष बतायी गयी। वह पिछले 25 वर्षों से आसनसोल एनएस रोड में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मजदूरी करता था। 29 मार्च को तेज बुखार आने पर वो घर बिष्णुगढ़ के लिए आसनसोल से पैदल ही निकल गया। रास्ते में किसी गाड़ी का सहारा लेकर अपने घर तक पहुंचा।

डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए तुरंत मजदूर को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। 31 मार्च को ब्लड सैंपल जांच के राजधानी रांची के रिम्स भेजा गया। रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की जांच रिपोर्ट में मजदूर कोरोना वायरस के संक्रमण से पॉजिटिव पाया गया। इस तरह से झारखण्ड में कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों की संख्या 2 हो गई है। इसके पहले रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से एक विदेशी महिला कोरोना पॉजिटिव पायी गयी थी। महिला दिल्ली के तबलीगी जमात के मरकज में शामिल होकर रांची पहुंची थी।

मंडी का शास्त्री मेडिकल कालेज बनेगा कोविड-19 समर्पित अस्पताल
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (एसएलबीएसजीएमसी) को कोविड-19 के लिए पूर्ण रूप से समर्पित अस्पताल बनाने के निर्देश दिए हैं। ठाकुर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इसके अलावा आईजीएमसी, शिमला तथा डॉ. राजेन्द्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा में भी कोविड-19 के मरीजों की जांच तथा उपचार जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 3904 लोगों को निगरानी में रखा गया है, जिनमें से 1511 लोगों ने 28 दिन की निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को कोविड-19 के 27 सैंपलों की जांच की गई और इनमें से तीन सैंपल जो ऊना जिला से लिए गए थे, कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं, बाकि अन्य सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक प्रदेश में कोरोना वायरस के लिए 270 लोगों की जांच की जा चुकी है।

  • बीकानेर में दो नए मरीज मिले हैं। दोनों तबलीगी जमात के हैं। अब राजस्थान में कोरोना के केस की कुल संख्या 140 हुई। 
  • आगरा के डीएम प्रभु सिंह ने बताया, तबलीगी जमात के 28 लोग दिल्ली गए थे। इनमें से 6 कोरोना पॉजिटिव हैं। इसके साथ ही अब आगरा में कुल 18 केस हो गए हैं, इनमें से 8 डिस्चार्ज हुए।

बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 29 पहुंची
बिहार में गुरुवार को पांच लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद बिहार में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 29 पहुंच गई है। बिहार स्वास्थ्य सोसायटी की राज्य निगरानी अधिकारी डॉ रागिनी मिश्र ने गुरुवार को बताया कि गुरुवार को राज्य में पांच नए मामले सामने आए हैं। इनमें गोपालंगज के दो तथा सारण, गया और नालंदा से एक-एक मरीज शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक गोपालगंज के दोनों मरीज सऊदी अरब से लौटे बताए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस से संक्रमित, मुंगेर निवासी एक मरीज की 21 मार्च को पटना एम्स में मौत हो गयी थी, जबकि तीन मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। गौरतलब है कि कतर से लौटे मुंगेर निवासी के संपर्क में आने से उसके दो पड़ोसियों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। बाद में मुंंगेर के पीड़ित व्यक्ति को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से भी दो लोगों को संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस मरीज के संपर्क में आने से अब तक 12 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

उत्तर रेलवे ने 325 लीटर सेनिटाइजर, 600 फेस मास्क बनाये
उत्तर रेलवे के सभी मंडल और कारखाने कोरोना से जंग के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में आवश्यक सामानों की आपूर्ति करने के लिए मालगाड़ियों को चलाने के अलावा, उत्तर रेलवे सेनिटाइजरों, फेस मास्कों और कवरॉल का निर्माण कर रही है। इसके साथ ही रेल डिब्बों को आइसोलेशन वाडरें में बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। 1 अपैल तक रेलवे ने 325 लीटर हैंड सैनिटाइजर, 600 फेस मास्क और 60 कवरॉल का निर्माण कर लिया है। इस के अलावा 40 कोच भी आइसोलेशन वाडरें में बदल दिए गए हैं। इस उत्पादन को 1574 लीटर हैंड सैनिटाइजर, 3810 फेस मास्क, 174कवरॉल और 85 कोचों तक बढ़ाया जा रहा है। इस बीच उत्तर रेलवे ने एक बार फिर सभी नागरिकों से अपील है कि कोविड -19 के खिलाफ लड़ाई में हमें सहयोग दें । सुरक्षित रहें-घर पर रहें।

Created On :   1 April 2020 7:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story