छत्तीसगढ़ : CRPF जवान ने अपने साथियों पर चलाई गोलियां, 4 की मौत

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर से सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां एक CRPF जवान ने आपसी झगड़े के चलते अपने ही साथी जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में 4 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना CRPF-168 बटालियन में हुई। आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है।
दंतेवाड़ा रेंज के डीआईजी सुंदर राज ने बताया कि शनिवार को आरोपी जवान संतराम ने बासागुड़ा के CRPF कैंप में फायरिंग कर दी। इसमें चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान घायल हो गया। घायल जवान की हालत गंभीर है। आरोपी का नाम संतराम बताया जा रहा है, जिसने अपने साथियों पर इंसास राइफल्स से अंधाधुंध फायरिंग की। आरोपी जवान से पूछताछ की जा रही है।
मृत जवानों में एसआई विक्की शर्मा, एएसआई राजवीर सिंह, कांस्टेबल शंकर राव और एसआई मेघ सिंह शामिल हैं। घायल जवान का नाम गजानंद है। घायल जवान को इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से रायपुर भेजा गया है। घायल जवान गजानंद की हालत नाजुक है।
गोली चलाने वाला आरोपी जवान संतराम उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है। CRPF ने मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वारी के आदेश दे दिए हैं। CRPF ने इस पूरी घटना पर दुख जाहिर किया है। कहा गया है कि बल के वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं, ताकि सही वजहों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ करके गोली चलाने की वजह का पता लगा रही है।
Created On :   9 Dec 2017 3:51 PM GMT