चक्रवात तूफान 'बुलबुल' ने ली अब तक 20 की जान

चक्रवात तूफान 'बुलबुल' ने ली अब तक 20 की जान

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। चक्रवाती तूफान "बुलबुल" ने भारत के साथ बांग्लादेश में जमकर तांडव मचाया है। बुलबुल ने अब तक 20 से अधिक लोगों की जान ले ली है। चक्रवात तूफान से जहां पश्चिम बंगाल में 10 लोगों की मौत है। यहां मूसलाधार बारिश हो रही है और हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा है। वहीं बांग्लादेश में 10 से अधिक लोगों की जान चली गई।    

जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में नामखाना क्षेत्र में बुलबुल चक्रवात की चपेट में आने के बाद हटानिया दोनिया नदी में दो जेटी क्षतिग्रस्त हो गए।

हालांकि इस चक्रवात से प्रभावित पश्चिम बंगाल के इलाकों में मौसम धीरे-धीरे साफ हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण पूर्व बांग्लादेश और इससे सटे दक्षिण त्रिपुरा में चक्रवाती तूफान "बुलबुल" आज सुबह 05:30 बजे कमजोर पड़ गया। मौसम विभाग के मुताबिक यह तूफान अगले 6 घंटों के दौरान और कमजोर हो जाएगा।

यहां बता दें कि भारत के बाद बांग्ला देश में इस तूफान के कारण निचले इलाकों में मूसलधार बारिश ने हालात खराब कर दिए हैं। यहां चक्रवाती हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा है। तेज हवाओं और भारी बारिश तटीय जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। चक्रवात का सबसे ज्यादा प्रभाव बकखाली, फ्रेजरगंज, संदेशखाली, झड़खाली, नंदीग्राम, नयाचर और खेजूरी इलाकों में पड़ा। 

बांग्लादेश के आपदा प्रबंधन मंत्रालय के अनुसार यहां केवल आठ मौत होने की पुष्टि हुई है। वहीं तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले 21 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया। हालांकि अधिकांश मौतें तटीय इलाकों में घर और पेड़ों से गिरने के कारण हुई।

Created On :   11 Nov 2019 4:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story