दरियागंज दंगा : भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर दिल्ली में गिरफ्तार

Daryaganj riot: Bhima Army chief Chandrashekhar arrested in Delhi
दरियागंज दंगा : भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर दिल्ली में गिरफ्तार
दरियागंज दंगा : भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर दिल्ली में गिरफ्तार

नई दिल्ली, 21 दिसंबर 2019 (आईएएनएस)। राष्ट्रीय नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान मध्य दिल्ली के दरियागंज इलाके में शुक्रवार शाम हुई हिंसा-आगजनी मामले में फरार भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को दिल्ली पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस अब तक 15 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

चंद्रशेखर की गिरफ्तारी के बाद दरियागंज हिंसा में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। शेष वांछित लोगों की तलाश में मध्य दिल्ली जिला पुलिस सहित क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल की टीमें भी राजधानी और उसके आस-पास के इलाकों में छापेमारी कर रही हैं।

चंद्रशेखर की गिरफ्तारी की पुष्टि दिल्ली पुलिस मुख्यालय प्रवक्ता अनिल मित्तल ने आईएएनएस से की।

उन्होंने कहा, चंद्रशेखर को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी थी। दरियागंज हिंसा की प्राथमिक जांच में उनकी भूमिका की पुष्टि होते ही उन्हें शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कुछ समय के लिए चंद्रशेखर अपने समर्थकों की भीड़ में जामा मस्जिद के आसपास दिखाई दिए थे। सादा कपड़ों में भीड़ में चंद्रशेखर को तलाश रही दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीमें जब तक उन्हें पकड़ पातीं, वह मौके से भाग गए।

शुक्रवार दिन भर चंद्रशेखर की तलाश में दिल्ली पुलिस की कई टीमें राष्ट्रीय राजधानी इलाके में खाक छानती रहीं। इसी बीच शुक्रवार देर शाम मध्य दिल्ली के दरियागंज थाने के सामने और डीसीपी दफ्तर के पास खड़े कई वाहनों को आग और पथराव के हवाले कर दिया गया।

प्रदर्शनकारियों के इस हमले में दिल्ली पुलिस के ही एक सिपाही की कार जलकर राख हो गई। इस दौरान कुछ पत्रकारों के भी वाहन छतिग्रस्त हुए और कई लोगों को चोटें भी आईं। प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए पुलिस ने दिल्ली फायर सर्विस की गाड़ियों से पानी की तेज बौछारें भी करवाई, जो बेकार साबित हुईं।

बाद में जब दिल्ली पुलिस ने लाठियां चलाईं तो प्रदर्शनकारी मौके से पीछे हटे। देर रात तक चली छापेमारी में पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 15 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद भी मुख्य आरोपी चंद्रशेखर दिल्ली पुलिस की पकड़ से दूर था। चंद्रशेखर को दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह दबोच लिया। हालांकि उनकी गिरफ्तारी की घोषणा दिल्ली पुलिस ने शनिवार दोपहर बाद की।

Created On :   21 Dec 2019 12:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story