ELECTION: झारखंड में 17 सीटों पर 62.03 फीसदी मतदान, धोनी ने रांची में डाला वोट

ELECTION: झारखंड में 17 सीटों पर 62.03 फीसदी मतदान, धोनी ने रांची में डाला वोट
ELECTION: झारखंड में 17 सीटों पर 62.03 फीसदी मतदान, धोनी ने रांची में डाला वोट

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए आज (गुरुवार) तीसरे चरण में 17 सीटों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया पूरी हुई। कहीं पर भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना अब तक नहीं मिली है। झारखंड चुनाव आयोग के मुताबिक 17 सीटों पर 62.03% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं रांची के एक मतदान केंद्र पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वोट डाला। 

 

 

 

राज्‍य निर्वाचन आयोग के मुताबिक सबसे अधिक सिल्‍ली में 77% और रांची में अभी तक सबसे कम 49% वोटिंग दर्ज की गई है। हालांकि रांची में मत प्रतिशत में बढ़ोत्तरी हुई है। ज्ञात हो कि झारखंड के पिछले विधानसभा चुनाव में 64.02% मतदान हुआ था। इस तरह इन 17 सीटों पर पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में 1.99% मतदान कम हुआ। वहीं पिछले विधानसभा चुनावों में हजारीबाग क्षेत्र में सबसे कम 13% लोगों ने ही वोट डाले थे।

कहां कितना फीसद मतदान (आंकड़े प्रतिशत में)
कोडरमा : 58.20 %
बरकट्ठा : 65.19 %
बरही : 63.40 %
मांडू : 62.41 %
हजारीबाग : 57.18 %
सिमरिया : 62 %
बड़कागांव : 64.53 %
रामगढ़ : 70.50 %
धनवार : 61.68 %
गोमिया : 67.18 %
बेरमो : 61.13 %
ईचागढ़ : 73.11 %
सिल्ली : 76.98 %
खिजरी : 64.28 %
रांची : 49.10 %
हटिया : 53.63 %
कांके : 62.83 %
कुल : 62.03 %

इनमें से 12 सीटों पर अपराह्न् तीन बजे तक ही मतदान हुआ, जबकि शेष क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक मतदाताओं ने मतदान किया। अधिकारी ने बताया कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से कोई बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। चुनावी मैदान में इन सीटों पर कुल 309 उम्मीदवार हैं, जिनमें 32 महिलाएं भी शामिल हैं। इस चरण की 17 सीटें रांची, हजारीबाग, छतरा, गिरीडीह, बोकारो और सरायकेला तक फैली हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 35000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था।

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने अपना वोट एटीआई रांची में, जबकि ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के अध्यक्ष सुदेश महतो ने अपनी पत्नी के साथ सिल्ली में वोट डाला। इसके अलावा जयंत सिन्हा ने हजारीबाग में अपना वोट डाला। रांची में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने परिवार के साथ मतदान किया।

हजारीबाग के बूथ नंबर 225 पर एक नवविवाहित जोड़े ने वोट डाला। प्रियंका की बुधवार रात को शादी हुई थी और वह अपने पति के साथ गुरुवार सुबह मतदान के लिए पहुंची। नक्सल नेता महाराजा परमानिक के परिजनों ने ईचागढ़ में अपना वोट डाला। तीसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में सीपी सिंह, रामचंद्र सहिस और नीरा यादव, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व उपमुख्यमंत्री व आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो शामिल हैं।

2014 के विधानसभा चुनाव में इन 17 सीटों में से भाजपा, झामुमो और कांग्रेस ने क्रमश: 10, तीन और दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। 7 सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और झामुमो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है। सिल्ली सीट के लिए मुकाबला आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो और झामुमो की मौजूदा विधायक सीमा देवी के बीच है। छह सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई है। कुछ सीटों के लिए लड़ाई चार-कोनों से लेकर बहुकोणीय भी बनी हुई है।

Created On :   12 Dec 2019 2:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story