विदेशी पर्यटकों के साथ अपराध के मामलों में दिल्ली-महाराष्ट्र सबसे आगे
डिजिटल डेस्क, मुंबई। विदेशी पर्यटकों के खिलाफ अपराध के मामलों में महाराष्ट्र अव्वल हो गया है। हालांकि पिछले 3 सालों से लगातार अपराध में गिरावट आ रही है, लेकिन गोवा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों ने स्थिति में ज्यादा सुधार किया। इसके चलते महाराष्ट्र साल 2016 में विदेशी पर्यटकों के खिलाफ अपराध के मामले में सबसे आगे रहा। विदेशी पर्यटकों के साथ होने वाले अपराधों के मामलों में महाराष्ट्र करीब 9.9 फीसदी के साथ अव्वल है। हालांकि देश की राजधानी दिल्ली का रिकॉर्ड महाराष्ट्र से भी खराब है। विदेशी पर्यटकों के खिलाफ देश भर में होने वाले अपराधों में 40 फीसदी दिल्ली में होते हैं।
साल 2016 के आंकड़े
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक साल 2016 में विदेशी पर्यटकों के खिलाफ देशभर में कुल 382 आपराधिक घटनाएं सामने आईं। 29 राज्यों में से 38 आपराधिक मामलों के साथ महाराष्ट्र सबसे आगे रहा। गनीमत ये है कि राज्य में विदेशी पर्यटकों के खिलाफ आपराधिक मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। साल 2014 में ऐसे 59 जबकि साल 2015 में 53 मामले दर्ज किए गए थे।
सुधार के रास्ते पर यूपी-गोवा
इस मामले में गोवा ने अपनी स्थिति में सबसे ज्यादा सुधार किया है। साल 2014 में विदेशी पर्यटकों के खिलाफ अपराध के गोवा में 73 मामले दर्ज हुए थे जो साल 2016 तक घटकर 22 रह गए। सबसे बेहतर स्थिति उत्तर प्रदेश की रही जहां साल 2014 के 66 के मुकाबले 2016 में विदेशी पर्यटकों के खिलाफ अपराध के सिर्फ 6 मामले सामने आए। केंद्र शासित दिल्ली में विदेशी पर्यटकों के खिलाफ अपराध के मामले में पहले क्रमांक पर है। यहां विदेशी पर्यटकों के खिलाफ अपराध के 154 मामले दर्ज किए गए हैं।
राज्य 2016 2015 2014
महाराष्ट्र 38 53 59
राजस्थान 25 24 36
गोवा 22 30 73
उत्तर प्रदेश 06 33 66
दिल्ली (केंद्र शासित) 154 147 164
Created On :   4 Dec 2017 5:33 PM GMT