पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को मैक्सिको ने दिया सर्वोच्च नागरिक सम्मान

पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को मैक्सिको ने दिया सर्वोच्च नागरिक सम्मान
हाईलाइट
  • मैक्सिको का विदेशियों को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान
  • मैक्सिको की राजदूत मेल्बा प्रिआ ने पाटिल को 'ऑर्डर ऑफ एज्टेक ईगल' पुरस्कार से नवाजा

डिजिटल डेस्क, पुणे। देश की पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को मैक्सिको ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। शनिवार को विदेशियों को दिए जाने वाले मेक्सिको के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ऑर्डेन मेक्सिकाना डेल एग्वेला एज्टेका’ (ऑर्डर ऑफ एज्टेक ईगल) से प्रतिभा पाटिल को सम्मानित किया गया। 

भारत में मैक्सिको की राजदूत मेल्बा प्रिआ ने पाटिल को यह सम्मान दिया। इसके लिए पुणे के एमसीसीआईए (MCCIA) भवन में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रतिभा पाटिल इस अवॉर्ड को पाने वाली दूसरी भारतीय प्रमुख बनीं हैं। इससे पहले दिवंगत राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को इस सम्मान से सम्मानित किया गया था। 

सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने के बाद प्रतिभा पाटिल ने कहा, उनके कार्यकाल के दौरान भारत और मैक्सिको के बीच कई पारस्परिक समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे। उन्होंने कहा, उनके कार्यकाल में दोनों देशों ने संबंधों को मजबूत बनाने पर काफी जोर दिया था। प्रतिभा पाटिल 2007 से 2012 के बीच देश की राष्ट्रपति थीं। उन्होंने भारत की पहली महिला राष्ट्रपति बनकर इतिहास रचा। 

बता दें कि प्रतिभा पाटिल देश की पहली महिला होंगी जिन्हें यह सम्मान दिया गया है। इससे पहले वैश्विक स्तर पर नेल्सन मंडेला, क्वीन ऐलिजाबेथ द्वितीय और बिल गेट्स जैसे व्यक्तियों को भी यह सम्मान मिल चुका है।
 

Created On :   2 Jun 2019 3:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story